
January 2023 Vrat Tyohar List: हिंदू पंचांग के अनुसार साल 2023 के पहले महीने जनवरी में कई प्रमुख व्रत-त्योहार मनाए जाएंगे. जनवरी महीने की शुरुआत में पौष माह रहेगा, वहीं समापन माघ माह में होगा. इस दौरान लोहड़ी, मकर संक्रांति, मासिक शिवरात्रि और वसंत पंचमी समेत कई व्रत-त्योहार पड़ेंगे. यहां देखें जनवरी महीने के सभी प्रमुख व्रत-त्योहारों की लिस्ट और उनका महत्व.
जनवरी 2023 के व्रत-त्योहार की लिस्ट
2 जनवरी, सोमवार- पौष पुत्रदा एकादशी
पौष मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को पौष पुत्रदा एकादशी मनाई जाती है. संतान प्राप्ति और संतान की लंबी उम्र के लिए रखे जाने वाले इस व्रत में सुदर्शन चक्रधारी भगवान विष्णु की पूजा की जाती है.
4 जनवरी, बुधवार- प्रदोष व्रत (शुक्ल)
पौष मास के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी को प्रदोष व्रत रखा जाएगा. प्रदोष व्रत भगवान शिव को समर्पित होते हैं. यह व्रत महीने में 2 बार आता है.
6 जनवरी, शुक्रवार- पौष पूर्णिमा व्रत
हिन्दू धर्म में पूर्णिमा तिथि का बहुत खास माना गया है. इस दिन चंद्र देव की पूजा की जाती है और अर्घ्य दिया जाता है. साथ ही प्रत्येक पूर्णिमा के दिन स्नान-दान करना बहुत लाभ देता है.
10 जनवरी, मंगलवार- संकट चौथ
संकष्टी चतुर्थी का व्रत रखना और विघ्नहर्ता गणेश की पूजा करना सारे कष्टों से उबार देता है. इस दिन चंद्रोदय के बाद ही व्रत खोला जाता है.
14 जनवरी, शनिवार- लोहड़ी
पौष माह में कृत्तिका नक्षत्र के दिन लोहड़ी पर्व मनाया जा रहा है. यह पंजाबी समुदाय का प्रमुख त्योहार है. यह पर्व नई फसल आने के मौके पर मनाया जाता है.
15 जनवरी, रविवार- मकर संक्रांति, पोंगल, उत्तरायण
सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने को मकर संक्रांति के रूप में मनाया जाता है. इसी दिन सूर्य उत्तरायण होता है. इस दिन खिचड़ी बनाई जाती है और तिल-गुड़ खाया जाता है. साथ ही पोंगल भी मनाया जाता है.
18 जनवरी, बुधवार- षट्तिला एकादशी
षट्तिला एकादशी के दिन भगवान विष्णु की पूजा की जाती है. इस दिन तिल का उबटन लगाने, तिल से पूजा करने और तिल का दान करने का बहुत महत्व है. कुल मिलाकर इस दिन तिल का 6 तरह से उपयोग किया जाता है.
19 जनवरी, गुरुवार- प्रदोष व्रत (कृष्ण)
माघ महीने का प्रदोष व्रत रखा जाएगा और भोलेनाथ की पूजा की जाएगी.
20 जनवरी, शुक्रवार- मासिक शिवरात्रि
हिंदू पंचाग के अनुसार हर महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मासिक शिवरात्रि मनाई जाती है. शिव कृपा पाने के लिए यह दिन विशेष होता है.
21 जनवरी, शनिवार- मौनी अमावस्या या माघ अमावस्या
हिन्दू पंचांग के अनुसार माघ माह की अमावस्या को माघ अमावस्या या मौनी अमावस्या कहते हैं. इस दिन मौन रहकर व्रत करने, पवित्र नदी में स्नान करने और दान-पुण्य करने का बहुत महत्व है.
26 जनवरी, गुरुवार- वसंत पंचमी
माघ महीने के शुक्ल पक्ष की पंचमी को वसंत पंचमी मनाई जाती है. यह वसंत ऋतु के आगमन का संकेत होता है और इस दिन विद्या की देवी सरस्वती की पूजा की जाती है.
NEWS SOURCE : zeenews
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. faridabadnews24 इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
