
जयपुरः राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार महंगाई की मार झेल रहे गरीब परिवारों को रसोई गैस का सिलेंडर 500 रुपए में उपलब्ध करवाएगी। गहलोत ने कहा कि सरकार इस बारे में लाभान्वितों की श्रेणी का अध्ययन करवाकर इसे नए वित्तवर्ष यानी एक अप्रैल से लागू करेगी। गहलोत ने ये घोषणा यहां भारत जोड़ो यात्रा के तहत एक जनसभा को संबोधित करते हुए की। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), आयकर विभाग व केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जैसे सभी संगठन आजकल खुद डर रहे हैं कि ‘पता नहीं ऊपर से क्या आदेश आ जाए।’
गहलोत ने कहा, ‘मैं इस मौके पर यह घोषणा करूंगा कि ऐसे लोग जो गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) से हैं, गरीब हैं, उज्जवला योजना से जुड़े हैं … उस श्रेणी का अध्ययन करवाएंगे उसके बाद, एक अप्रैल के बाद साल में 12 सिलेंडर.. 1040 रुपए वाला सिलेंडर 500 रुपए में देंगे। ये मैं आपसे वादा करना चाहता हूं।’ उन्होंने कहा, ‘महंगाई के वक्त में राहुल गांधी जी ने हमें कहा है कि आप क्या कमी कर सकते हैं, हमें कई सुझाव मिले हैं लोगों से, जिनका अध्ययन कर रहे हैं। मैं अगले महीने बजट पेश करूंगा, इसलिए इस मौके पर मैं एक ही बात कहना चाहूंगा बाकी घोषणाएं मैं बजट में करूंगा।’ गहलोत ने आरोप लगाया कि उज्जवला योजना के नाम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों के साथ नाटक किया।
NEWS SOURCE : punjabkesari
