
चीन कोरोना से बेहाल है। बड़ी आबादी संक्रमण की चपेट में आ चुकी है। मौतों पर भी नियंत्रण नहीं रह गया है। ऐसे में सवाल उठता है कि जीरो कोविड पॉलिसी के बावजूद कोरोना पर कंट्रोल में चीन कहां चूक गया। कहीं ऐसा तो नहीं कि जरूरत से ज्यादा सख्ती ही चीन के लिए मुश्किलें खड़ी कर रही है? गौरतलब है कि सोमवार को चीन के स्वास्थ्य अधिकारियों ने दो मौतों के बारे में जानकारी दी है। हालांकि अंदरखाने से दावा किया जा रहा है कि चीन कोरोना से होने वाली मौतों के आंकड़ों को छुपा रहा है।
बता दें कि कोरोना को लेकर चीन की अप्रोच पूरी दुनिया से अलग रही है। यहां पर सामने आए सभी केसेज, यहां तक एसिप्टामैटिक तक को अनिवार्य रूप से अस्पताल में भर्ती कराया गया। संक्रमण का फैलाव भले ही छोटे स्तर पर रहा, लेकिन फिर भी लॉकडाउन लगाए गए। संदिग्ध केसों और उनके संपर्क में आने वाले सभी लोगों को लंबे आइसोलेशन में रखा गया। आर्थिक राजधानी, जहां पर 25 मिलियन से ज्यादा लोग रहते हैं, यहां मार्च में कंप्लीट लॉकडाउन था। असल में चीन की रणनीति कोरोना को पूरी तरह से खत्म करने की थी। इसके लिए उसने लोगों पर कड़े से कड़ा प्रतिबंध लगाने में गुरेज नहीं किया। हालांकि यह रणनीति काफी तकलीफदेह थी, इसके बावजूद बड़े पैमाने पर सफल रही।
फिर आखिर समस्या कहां हुई?
असल में कोरोना को नियंत्रित करने के लिए अपनाई गई यह कठोर रणनीति ही चीन के लिए समस्या की जड़ बन गई। कंप्लीट लॉकडाउन के चलते लोगों का मूवमेंट बहुत कम रहा और बड़ी आबादी कोरोना की चपेट में नहीं आई। इसका नतीजा यह हुआ कि लोगों में इम्यूनिटी विकसित नहीं हो सकी। वहीं, वैक्सीनेशन बहुत ज्यादा कारगर नहीं रहा। ऐसे में जब तेजी से फैलने वाले ओमिक्रॉन वैरिएंट का विस्फोट हुआ तो बड़े पैमाने पर लोग संक्रमित हुए। मार्च-अप्रैल में ऐसा ही हुआ था और अब फिर से एक बार वही होता नजर आ रहा है।
हांगकांग और साउथ कोरिया में भी हो चुका है ऐसा
गौरतलब है कि लगभग यही हार हांगकांग और साउथ कोरिया में फरवरी में हुआ था। इन दोनों देशों ने भी अपने लोगों को लंबे समय तक वायरस से सुरक्षित रखा। हांगकांग ने जीरो कोविड पॉलिसी अपना रखी थी, वहीं दक्षिण कोरिया में शुरुआती दौर में ही बेहद आक्रामक ढंग से टेस्टिंग की जा रही थी। हालांकि जब यहां पर ओमिक्रॉन वैरिएंट ने कहर ढाना शुरू किया तो दोनों देशों में हर दिन हजारों संक्रमण के मामले और मौतें सामने आने लगीं। अब चीन भी साल भर के अंदर दूसरी बार इसी तरह की समस्या से गुजर रहा है।
वैक्सीनेशन का क्या हाल रहा?
चीन में वैक्सीन की 3.5 बिलयन डोज लगाई गई हैं, हालांकि 80 पार वालों के लिए यह आंकड़ा बेहद कम है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह रही है कि दो कोरोना वैक्सीन, सिनोवाक और सिनोफार्म, पूरी तरह से कारगर साबित नहीं हुईं। वहीं, यहां पर बूस्टर डोज की संख्या को लेकर भी अनिश्चितता है। बूस्टर डोज न लगने के चलते भी बहुत से लोगों में उस स्तर की इम्यूनिटी डेवलप नहीं हो सकी है। ऐसे में आबादी का एक बड़े भाग के ऊपर कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार मंडरा रहा है।
NEWS SOURCE : livehindustan
