
फरीदाबाद: सेक्टर-11 डी के रहने वाले एक व्यक्ति से केरल की रहने वाली दंपती ने आयुर्वेदा का उद्योग लगाने और सेंटर खोलने के नाम पर 37 लाख 54 हजार रुपये ठग लिए। राज जय सिंह ने पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा को दी शिकायत में बताया कि उसके जानकार एल्डो ने केरला के रहने वाले डा. वी.बी. अजया कुमार और उसकी पत्नी आशा अजया कुमार से मुलाकात कराई थी।
उद्योग में हिस्सेदारी का दिया था झांसा
एल्डो ने बताया कि ये त्रिवेणी आयुर्वेदा के निर्माता हैं। कई बार मुलाकात होने के बाद उन्होंने कहा कि वे फरीदाबाद में अपना उद्योग लगाना चाहते हैं और यहां पर एक सेंटर भी खोलना चाहते हैं। इसके लिए 40-45 लाख रुपये की जरूरत है। यदि वे रुपये का प्रबंध कर लें, तो उन्हें हिस्सेदार बना लेंगे। वह उनकी बातों में आ गए।
22 मई-2019 से लेकर 25 नवंबर-2019 तक चेक व बैंक खातों में डा. वीबी अजया कुमार और उसकी पत्नी आशा अजया कुमार के खातों में ट्रांसफर करके 37 लाख 54 हजार रुपये दे दिए। तभी 2020 में कोरोना शुरू हो गया। जब भी उनसे बात करते, तो वे एक ही बात कहते कि हालात सुधरने पर सेंटर खोलेंगे। जब कोरोना खत्म हो गया, तो न तो उन्होंने सेंटर खोला और न ही उसके रुपये वापस लौटाए।
जान से मारने की दी धमकी
राज जय सिंह का आरोप है कि अब जब भी वे रुपये मांगते हैं, तो वे धमकी देते हैं कि यदि वह उनके घर केरला में रुपये मांगने आए, तो वह वापस नहीं लौट पाएंगे। वे उसे और उसके परिवार को जान से मरवाने की धमकी देते हैं। पुलिस आयुक्त ने कार्रवाई के लिए पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ कुशलपाल राणा के पास भेज दिया। राणा ने इस शिकायत पर इकनामिक सेल को मुकदमा दर्ज करके जांच करने के आदेश दिए हैं। इकोनॉमिक सेल ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
NEWS SOURCE : jagran
