
महाराष्ट्र के नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसे देखते हुए शनिवार को यहां सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) गोरख भामरे ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम में दोपहर 1 बजे एक फोन आया। एक व्यक्ति ने महल इलाके में आरएसएस मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी। डीसीपी ने बताया कि बम जांच और निरोधक दस्ते ( BDDS) और श्वान दस्ते को बुलाया गया। इसके बाद परिसर की गहन जांच की गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर गश्त तेज कर दी गई है। पुलिस फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक उसके बाद कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है।
परिसर के बाहर तेज कर दी गई है पेट्रोलिंग
रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए परिसर के बाहर पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है। साथ ही आसपास रहने वाले लोगों पर भी खास नजर रखी जा रही है। दूसरी ओर, पुलिस की टीम उस नंबर को ट्रेस करने की कोशिश में जुटी हुई है, जिससे फोन करके धमकी दी गई थी। मालूम हो कि संघ मुख्यालय में पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यहां CRPF की एक टुकड़ी हमेशा तैनात रहती है।
लखनऊ दफ्तर को भी उड़ाने की मिली थी धमकी
गौरतलब है कि इसी साल यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित RSS दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। यह धमकी वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए दी गई थी। बताया गया कि अल इमाम अंसार रजी उन मेंहदी नाम के ग्रुप में एक आरएसएस कार्यकर्ता इनवाइट लिंक के जरिए जुड़ा था। इसमें लखनऊ के 2 और कर्नाटक के 4 कार्यालयों में बम ब्लास्ट की बात कही गई थी। इस धमकी को लेकर लखनऊ के मड़ियांव थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
NEWS SOURCE : livehindustan
