
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में महिला पुलिस ही सुरक्षित नहीं है तो आम महिलाओं का क्या होगा?। दरअसल, यहां एसपी कार्यालय परिसर में एक महिला पुलिसकर्मी से छेड़खानी और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। आरोप दो आरक्षकों पर लगे हैं। पीड़िता की शिकायत पर एसपी ने एक आरक्षक को सस्पेंड कर दिया है। घटना कल की बताई जा रही है। एसपी कार्यालय के बगल में स्थित कंट्रोल रूम का पूरा मामला है, जहां शराब के नशे में दो आरक्षकों ने वहां मौजूद महिला कर्मचारी के साथ ना केवल छेड़खानी की, बल्कि विरोध करते पर गाली-गलौज किया। महिला कांस्टेबल ने इसकी शिकायत एसपी से की। जिसके बाद एसपी ने उसका मेडिकल करवाया और आरक्षक गुड्डा बागरी को सस्पेंड कर दिया है। वहीं दूसरे आरक्षक के खिलाफ जांच पड़ताल की जा रही है।
एएसपी शिव कुमार वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला कर्मचारी ने दो आरक्षकों पर छेड़खानी और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। इस मामले में जांच के बाद आरक्षक गुड्डा बागरी को निलंबित कर दिया गया है। आगे की जांच की जा रही है।
