
फैजाबाद: उत्तर प्रदेश के फैजाबाद में एक झोलाछाप डॉक्टर ने अपनी क्लीनिक में विवाहित महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. इतना ही नहीं, डॉक्टर ने महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसे रातभर अपने क्लीनिक में बंधक बनाए रखा. सुबह होने पर महिला रोते हुए अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई. परिजनों ने थाने पहुंचकर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कराया. दरअसल, पूरा मामला खंडासा थाना क्षेत्र के अमानीगंज बाजार की है. जहां शाम को महिला दवा लेने के लिए झोलाछाप डॉक्टर के क्लीनिक पर आई थी. इस दौरान डॉक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया और उसे रात भर अपने क्लीनिक पर बंधक बनाए रखा.
बताया जा रहा है कि सुबह होने पर महिला अपने रुदौली कोतवाली क्षेत्र के मायके वाले घर गई और परिजनों को आपबीती बताई. जिसके बाद परिजनों के साथ थाने पहुंचकर झोलाछाप चिकित्सक सुधीर जायसवाल के खिलाफ तहरीर दी. महिला की शिकायत पर पुलिस के हाथ पांव फूलने लगे. आनन-फानन में पुलिस ने दुष्कर्म और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी झोलाछाप क्लीनिक संचालक को हिरासत में ले लिया. महिला का कहना है कि उसका पूर्व से डॉक्टर के यहां आना जाना था महिला का विवाह सीतापुर जनपद में हुआ है.
NEWS SOURCE : lalluram
