
यमुनानगर. पुलिस ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ एक खाली ग्राउंड की खुदाई करवा रही थी और आसपास लोगों का भारी जमघट इस पूरे नजारे को बड़ी हैरानी से देख रहा था. थोड़ी सी ही खुदाई के बाद जमीन के अंदर से जो निकला उसे देख हर किसी के होश उड़ गए. दरअसल जमीन के अंदर से निकला एक नवजात बच्ची का शव. पहली नजर में यह बताना मुश्किल था कि इस बच्ची की मौत कैसे हुई होगी और इसे यहां किसने दफनाया होगा, मगर जैसे-जैसे पुलिस की तफ्तीश आगे बढ़ी परत-दर-परत इस गुत्थी की सभी कड़ियां खुलती चली गई.
पुलिस की एक टीम बच्ची को तुरंत अस्पताल लेकर गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एक कलयुगी चाचा ने अपनी भतीजी के साथ पहले दुष्कर्म किया. रेप के बाद जब उसकी भतीजी गर्भवती हुई और एक बच्ची ने जन्म लिया तो उसे जमीन में दफना दिया गया. हालांकि परिजनों का कहना है बच्ची मरी हुई ही पैदा हुई थी. एफआईआर दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है और फिलहाल तक कोई भी गिरफ्तारी नहीं हुई है.
बहरहाल पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि बच्ची को मौत के बाद दफन किया गया था या फिर उसे जिंदा ही जमीन में गाड़ दिया गया था. जिस जगह से बच्ची का शव निकाला गया है उसे पुलिस द्वारा सील कर दिया गया है, ताकि किसी भी तरह के सुराग से छेड़छाड़ न हो सके. पुलिस के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंच रहे है और हालात का जायजा ले रहें है. पुलिस की मानें तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद बच्ची की मौत के रहस्य से पर्दा उठ सकता है. विजय कॉलोनी में हुई दिल दहला देने वाली इस वारदात ने हर किसी को अंदर तक हिला कर रख दिया है, अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या कुछ निकल कर सामने आता है.
NEWS SOURCE : news18
