
हरियाणा बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ उस वक्त बाल-बाल बच गए जब पानी का टैंकर उनके काफिले में जा घुसा। गलत दिशा में आ रहे पानी के टैंकर ने काफिले की पायलट पीसीआर को टक्कर मार दी। घटना के बाद ट्रैक्टर व टैंकर मौके पर ही पलट गया।
2 पुलिसकर्मियों को लगी चोट
गनीमत यह रही कि प्रदेशाध्यक्ष की गाड़ी की ब्रेक समय पर लग गई जिसके कारण उनकी गाड़ी दूसरी गाड़ी में टकराने से बच गई। हालांकि पायलट पीसीआर में सवार दो पुलिसकर्मियों काे इस घटना में चोटें लगी हैं जिन्हें सेक्टर-10 सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टक्कर लगते ही खुले PCR में लगे सेफ्टी एयरबैग
दरअसल भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रात करीब साढ़े 9 बजे दिल्ली से गुड़गांव की जी-99 सोसाइटी में जा रहे थे। उन्हें इस सोसाइटी में ले जाने के लिए गुड़गांव पुलिस की पायलट गाड़ी लगी हुई थी। जब प्रदेशाध्यक्ष का काफिला सेक्टर-10 के हिमगिरी चौक को पार कर बसई की तरफ जा रहा था तो बसई फ्लाईओवर के पास गलत दिशा से एक ट्रैक्टर आया जिसके पीछे पानी का टैंकर अटैच था। तेज रफ्तार से आ रहे इस ट्रैक्टर ने काफिले में आगे चल रही पायलट गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीसीआर में लगे सेफ्टी एयरबैग भी खुल गए। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर और टैंकर सड़क पर ही पलट गए। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। इस घटना में पायलट पीसीआर में तैनात हैड कांस्टेबल प्रदीप कुमार व ईएसआई श्यामफूल को चोटे लगी जिन्हें सेक्टर-10 सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जिस ट्रैक्टर से यह घटना हुई है उस ट्रैक्टर पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं लिखा था। पुलिस ने हैड कांस्टेबल प्रदीप कुमार की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह गुड़गांव में हुई कोई पहली घटना नहीं है बल्कि इस घटना से एक दिन पहले केएमपी पर सांसद कार्तिकेय शर्मा की गाड़ी को ट्रक ने टक्कर मार दी थी जिसमें सांसद कार्तिकेय शर्मा की गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इससे पहले गुड़गांव में ही स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की गाड़ी का शॉकर टूटने के कारण उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।
NEWS SOURCE : punjabkesari
