
रोहतक : रोहतक की सुनारिया जेल में बंद राम रहीम को फिर से पैरोल मिलने की चर्चा शुरू हो गई है। चर्चा है कि ये पैरोल भी वह यूपी के बरनावा आश्रम में काट सकता है।
बताया जा रहा है कि 29 अप्रैल से पहले उन्हें जेल से पैरोल मिल सकती है। क्योंकि 29 अप्रैल डेरे का स्थापना दिवस होता है। साथ ही इस दिन जाम ए इंसा पिलाने की भी शुरुआत हुई थी। इसलिए सिरसा और अन्य डेरों में इस दिन के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
गौर रहे कि यूपी के बागपत प्रशासन ने राम रहीम की पैरोल को लेकर रिपोर्ट भेज दी है। अगर पैरोल में कोई बाधा नहीं होती है तो डेरा सच्चा सौदा सिरसा तैयारियां शुरू करेगा। एक टीम डेरे के सदस्य बरनावा आश्रम में पहुंच चुकी है। हालांकि डेरा चीफ इसी साल 21 जनवरी को 40 दिन की पैरोल पर गया था और मार्च में वापस आ गया था।
पहली बार 2022 में मिली थी पैरोल
पंजाब और यूपी विधानसभा चुनावों के दौरान डेरा प्रमुख को साल 2022 के पहले चरण में 7 फरवरी को 21 दिन की फरलो मिली थी। इस दौरान वह गुरुग्राम डेरे में रहता था। उसके बाद, वह 17 जून 2022 को 30 दिन की पैरोल पर गया था और उस समय वह यूपी के बागपत जिले के बरनावा आश्रम में रहता था। अक्टूबर 2022 में फिर से राम रहीम को 40 दिन की पैरोल मिली। इस साल 21 जनवरी को भी उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी।
साध्वी यौन शोषण, छत्रपति हत्याकांड और रणजीत हत्याकांड में राम रहीम उम्रकैद की सजा काट रहा है। वह साल 2017 से जेल में बंद है। पहली बार उसे साध्वी यौन शोषण में 20 साल की सजा हुई थी।
NEWS SOURCE : punjabkesari
