
उत्तर प्रदेश के बरेली में 22 साल की एक लड़की के लिए उसी का पिता हैवान बन गया. लड़की अस्पताल में जिंदगी-मौत से जूझ रही है. केमिकल से उसका शरीर जला है और मुंह में भी केमिकल डाला गया है. गला दबाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की गई है. यह सब लड़की के साथ उसी के पिता और जीजा ने किया है. पुलिस ने आरोपी पिता और जीजा को अरेस्ट कर लिया है. मामले की जांच की जा रही है.
यह घटना बरेली के थाना फतेहगंज पश्चिमी की है. लोगों ने सड़क के किनारे एक लड़की को बेहोशी पड़े देखा तो सूचना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की को उठाकर अस्पताल ले गई. लड़की का शरीर केमिकल से जला था. डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया. इस दौरान लड़की ने कागज पर लिखकर अपने और परिवार के बारे में जानकारी दी. बताया जा रहा है कि इस लड़की की शादी बरेली के थाना शाही क्षेत्र के एक गांव में 22 अप्रैल को हुई थी, जबकि लड़की अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार वालों को ये मंजूर नहीं था. लड़की के परिवार में पिता-मां, भाई एक बड़ी बहन है. लड़की अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती थी, ये बात उसके परिजनों को पसंद नहीं थी.
पिता और जीजा ने दिया वारदात को अंजाम
लड़की का पिता और उसका बहनोई 24 अप्रैल को उसकी ससुराल पहुंचे. रात में वहीं रुके. इसके बाद बेटी को घर लाते समय रास्ते में पिता ने बेटी के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और बेरहमी से पीटा. इसके बाद केमिकल डालकर जला दिया और मरा छोड़कर चला गया. इस दौरान लड़की के जीजा ने भी दरिंदगी की.
25 अप्रैल को सड़क के किनारे बेहोश पड़ी मिली थी लड़की
पीड़िता के पिता और जीजा ने उसके साथ 24 अप्रैल की रात मारपीट की थी. 25 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि फतेहगंज पश्चिमी में सड़क किनारे एक लड़की पड़ी है. उसके शरीर पर बहुत कम कपड़े थे. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की को तुंरत अस्पताल ले गई. जिला अस्पताल में उसका इलाज शुरू किया गया.
घर से चली गई थी बेटी, इसलिए नाराज था पिता
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी पिता और लड़की के जीजा ने बताया कि 1 साल पहले बेटी गांव के युवक के साथ घर से चली गई थी. इसके कुछ दिन बाद वापस लौट आई थी. प्रेम प्रसंग की बात पता चली थी. उसके बाद युवक और युवती लगातार मिलते रहे. इस कारण समाज में इज्जत पर दाग लग गया था. 22 अप्रैल को उसकी शादी कर दी थी.
शादी के बाद भी प्रेमी के साथ रहना चाहती थी पीड़िता
इसके बाद भी वह अपने प्रेमी से बात करती थी. इसी से नाराज पिता बेटी की हत्या के इरादे से उसे ससुराल से ले आया और इस घटना को अंजाम दिया. आरोपी पिता ने कहा कि बदनामी के डर से यह रास्ता अपनाया है. एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि 25 अप्रैल को एक लड़की मरणासन्न हालत में सड़क किनारे मिली थी. पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसने डॉक्टर्स को लिखकर अपना और अपने गांव का नाम लिखकर बताया था. इसके बाद उसके परिवार को सूचित किया गया.
लड़की के पिता ने दर्ज कराया था केस, फिर जांच में ऐसे खुला राज
लड़की के पिता की ओर से केस दर्ज कराया गया था, लेकिन लड़की के परिजनों के बयानों में विरोधाभास था. पुलिस ने जांच की तो पता चला कि पिता और उसके जीजा व अन्य दो रिश्तेदारों ने पहले लड़की का गला घोटा. इसके बाद एक दुकान से टॉयलेट क्लीनर लेकर उसके चेहरे और शरीर पर डाल दिया.
पुलिस ने युवती के पिता और उसके बहनोई को गिरफ्तार किया है. गहराई से छानबीन की जा रही है. पता चला है कि शादी से पहले युवती का गांव में प्रेम प्रसंग था. लड़की के ससुरालीजनों से पूछताछ की गई तो उन्होंने कहा कि पीड़िता को उसके परिजन 24 अप्रैल को ले गए थे. यह बात सामने आई थी कि लड़की अपने पति के फोन से अपने पूर्व प्रेमी से बातचीत करती थी.
NEWS SOURCE : aajtak
