वीडियो कॉल आने पर क्या करें और क्या ना करें
पीड़ित के मुताबिक अगर किसी अनजान नंबर से वीडियो कॉल आए तो उसे रिसीव करने से बचें. अगर आप घर में हैं, बिस्तर पर हैं, वॉशरूम में हैं तब तो किसी भी हाल में वीडियो कॉल रिसीव ना करें. अगर गलती से वीडियो कॉल रिसीव हो गया और सेक्सटॉर्शन गैंग के शिकार बन गए तो पहली कॉल आने के तुरंत बाद अपने किसी करीबी या पुलिस के पास पहुंच जाएं. अगर आपने ऐसा नहीं किया तो फिर ब्लैकमेलिंग का जो सिलसिला शुरू होगा, वह कभी खत्म नहीं होगा.
गुप्त रहती है पीड़ित की जानकारी
सेक्सटॉर्शन के मामलों को लेकर आजतक ने दिल्ली पुलिस से भी बात की. दिल्ली पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में पीड़ित की जानकारी भी गुप्त रखी जाती है. पीड़ित अगर नहीं चाहता है तो उसका नाम कभी सामने नहीं आता. पुलिस अधिकारियों का ये भी कहना है कि मेवात इलाके से किसी आरोपी को खोज निकालना आसान काम नहीं है. शाहदरा जिले के डीसीपी रोहित मीणा ने बताया कि 12 मार्च को जिले के एक 27 साल के शख्स ने शिकायत दी थी कि एक वीडियो कॉल आई जिसमें एक लड़की अश्लील हरकत कर रही थी.
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के मुताबिक इस अनजान कॉल के कुछ देर बाद ही धमकी भरे फोन आने लगे. कोई खुद को दिल्ली का आईपीएस अधिकारी भी बता रहा था. धमकी दी गई कि अगर अकाउंट में पैसे ट्रांसफर नहीं किए तो उसके अश्लील हरकत करती लड़की से बात करने की वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएगी. उसने इससे डर के बताए अकाउंट में पैसे ट्रांसफर कर दिए. बाद में पुलिस से शिकायत की.
राजस्थान से पकड़ा गया शातिर
शहादरा के डीसीपी के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की. उस फोन नंबर की डिटेल निकाली गई जिससे वीडियो कॉल किया गया था. फिर उस नंबर की डिटेल निकाली गई जिससे धमकी भरे कॉल किए गए थे और जिस खाते में पैसे ट्रांसफर कराए गए थे, उसकी भी डिटेल निकाली गई. शातिर की पहचान कर उसे राजस्थान के भरतपुर से पकड़ा गया. आरोपी का नाम वसीम था. उसके पास तीन मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड मिले हैं जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया गया. पुलिस आरोपी के बैंक के अकाउंट और मोबाइल की सीडीआर को खंगाल रही है जिससे ये पता लगाया जा सके कि उसने अब तक कितने लोगों के साथ ठगी की है.
तीन महीने में 12 गिरफ्तारी
शाहदरा जिले के डीसीपी रोहित मीणा ने आगे बताया कि शाहदरा साइबर सेल ने 2023 के शुरुआती 3 महीनों में ही मेवात से 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जो सेक्सटॉर्शन में लिप्त थे. पुलिस के मुताबिक गैंग के लोग अपनी प्रोफाइल पर नकली फोटो लगाते थे जिससे सामने वाला ये समझे कि जो उससे बात कर रहा है वह अधिकारी है.
शातिर ने बताया- कैसे करते हैं ठगी
पूछताछ के दौरान आरोपी वसीम ने दिल्ली पुलिस को बताया कि उसके गैंग के लोग मोबाइल पर वीडियो कॉल किया करते हैं और एक बार जब फोन रिसीव हो जाता है तब दूसरे फोन से अश्लील हरकत कर रही किसी लड़की का वीडियो चला देते हैं. ऐसा इतनी सफाई से किया जाता है कि सामने वाले को ये लगे की ऐसा कोई लड़की ही कर रही है. कभी-कभी गैंग से जुड़ी लड़कियां भी वीडियो कॉल पर अपने कपड़े उतार देतीं. इसकी स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली जाती और वही दिखाकर ब्लैकमेल कर पैसे लिए जाते.
जांच में ये बात भी सामने आई है कि ये शातिर लोग मोबाइल फोन और सिम कार्ड पश्चिम बंगाल से खरीदा करते थे. सिम कार्ड गलत पते पर लिए जाते थे. शातिर ठग गैंग के दूसरे सदस्यों की मदद से बैंक अकाउंट का जुगाड़ करते हैं जिसमें ये ठगी और ब्लैकमेलिंग के जरिए पैसे मंगवा सकें. ये खुद को कभी एसएचओ साइबर सेल विक्रम राठौर बताते तो कभी संजय यूट्यूबर बताते हैं. पैसे न देने पर रिकॉर्डेड वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देते हैं.
NEWS SOURCE : aajtak