
लखनऊ के गुडंबा के एक वैवाहिक समारोह में नमक ज्यादा होने पर लड़की पक्ष वालों ने हलवाई की पिटाई कर खौलते तेल की कढ़ाई में फेंक दिया। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। युवक का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित के भाई की तहरीर पर गुड़बा पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक इटौंजा के शुवंशीपुर निवासी चंदर के मुताबिक उनका छोटा भाई गया प्रसाद पेशे से हलवाई है।
वह शादी समारोह में खाना बनाने का काम करता है। बीते शनिवार को गया प्रसाद ने गुडंबा के अतरौली स्थित पाल ट्रेडर्स के पास मैदान में आयोजित वैवाहिक सामारोह में खाना बनाने का आर्डर लिया था। खाने में नमक ज्यादा होने की बात कहकर दुल्हन के पिता किशेारी, उसका भाई उमेश व अन्य रिश्तेदार गया प्रसाद को गालियां देते हुए पीटने लगे। देखते ही देखते आरोपितों ने उसे उठाकर खौलते हुए तेल कीर कढ़ाई में फेंक दिया। जिससे वह रूप से झुलस गया। आनन-फानन में साथियों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। इस दौरान वह करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गया। इंस्पेक्टर गुडंबा नीतीश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित के भाई चन्दर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है, जलद ही आरोपित पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
NEWS SOURCE : livehindustan
