
फरीदाबाद में नहरपार के रिवाजपुर गांव की रिवाजपुर कॉलोनी में नौवीं कक्षा के छात्र ने अपने घर के टीनशैड में लगे बांस से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र के परिजनों का आरोप है कि नगर निगम ने उनकी कॉलोनी में घर में तोड़फोड़ करने का नोटिस दिया था। इससे परेशान होकर छात्र ने आत्महत्या की है। मूल रूप से नेपाल के मोथरी जिले के मझौलिया गांव निवासी रूद्र नारायण अपने परिवार के साथ रिवाजपुर की कॉलोनी में रहते हैं। उनका यहां 60 गज का घर है। नगर निगम की ओर से 2 मई और 26 मई को कॉलोनी में तोड़फोड़ का नोटिस दिया गया था। तभी से ही नौवीं कक्षा में पढ़ने वाला उनका 15 वर्षीय बेटा अजय काफी परेशान रहता था।
मां से पूछा था- मर जाऊंगा तो…
छात्र के भाई विजय ने बताया कि उसका भाई नगर निगम के नोटिस मिलने से परेशान था। उसने मां से कहा था कि यदि वह मर जाएगा? तो क्या उनका घर तोड़फोड़ से बच जाएगा? उसकी मां ने उसे ऐसा न करने की हिदायत दी थी, लेकिन उसके भाई ने अपनी जान दे दी। मामले में जांच अधिकारी का कहना है कि मृतक के परिजनों ने पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है। इस वजह से आत्महत्या की वजह का पता नहीं चल सका है। शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। वहीं, इस पूरे मामले पर नगर निगम की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस केस दर्ज नहीं कराया गया है।
NEWS SOURCE : livehindustan
