
फरीदाबाद: मुजेसर में रविवार रात पैदल घर जा रहे एक किराना कारोबारी को हथियारबंद कार सवार बदमाशों ने अगवा कर लिया। इसके बाद मारपीट कर उनके पैर में गोली मार दी और चलती कार से नीचे फेंककर फरार हो गए। कारोबारी को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार अनिल गोयल ने बताया कि वह परिवार के साथ सेक्टर-8 में रहते हैं। मुजेसर फाटक के पास उनकी दो दुकान है। वहां वह दोनों भाई कोल्ड ड्रिंक और किराने का कारोबार करते हैं। हाल ही में उन्होंने किराने की एक दुकान एक शराब कारोबारी को शराब का ठेका चलाने के लिए किराये पर दिया है। रविवार रात वहां दोनों भाई उसकी सफाई करा रहे थे। पीड़ित ने बताया कि रात करीब 10.50 पर दोनों भाई दुकान की सफाई कर पैदल घर जा रहे थे। वह आगे और उनका छोटा भाई पीछे से चल रहा था। इस दौरान कुछ युवकों ने उन्हें हथियार दिखाकर जबरन अपनी कार में बैठा लिए और मारपीट शुरू कर दी।
बदमाश उनपर शराब कारोबारी को किराए पर दिए दुकान को वापस लेने का दबाव बना रहे थे। पीड़ित ने बताया कि इस दौरान बदमाशों ने उनके छाती पर गोली चलाई, जो छाती पर न लगकर दाहिने पांव में जा लगी। इसमें वह लहूलुहान हो गए। उधर, उनके भाई को पीछा करता देख, बदमाश उन्हें घायलावस्था में चलती कार से नीचे फेककर फरार हो गए। छोटे भाई ने उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से नजदीक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
NEWS SOURCE : livehindustan
