
हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र लोहारू के लोगों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने हल्के से खाटूश्याम और सालासर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए दरियादिली दिखाते हुए दो फ्री एसी बस सेवा को शुरू किया है। उन्होंने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बता दें कि लोहारू क्षेत्र से हजारों की संख्या में श्रद्धालु खाटू श्याम और सालासर जाते हैं। उनकी मांग पर कृषि मंत्री ने दरियादिली दिखाते हुए नई पहल की शुरुआत की है और हर रोज दो बसों को अपने निजी खर्च पर चलाने की शुरुआत कर दी है। जेपी दलाल की इस सौगात का क्षेत्र के लोगों ने दिल खोलकर स्वागत किया है।
1 साल तक फ्री सेवा
मीडिया से बातचीत करते हुए कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि यह बस हर रोज अलग-अलग गांव से श्रद्धालुओं को लेकर दोनों धार्मिक स्थलों पर लेकर जाएगी और वापिस लेकर आएगी। यह बसें 1 साल तक हल्के के श्रद्धालुओं को मेरी तरफ से फ्री सेवा देगी। उन्होंने कहा कि खाटूश्याम और सालासर के लिए हल्के से रोजाना सैकड़ों श्रद्धालुओं का जाना होता है। ऐसे में उनकी मांग पर ही 2 बसें मैंने निजी खर्चे से धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए लगाई है। उन्होंने आगे बताया कि खाटूश्याम और सालासर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं का पूरा खर्च वह खुद उठाएंगे। यह बसे हर रोज अलग-अलग गांव से श्रद्धालुओं को लेकर जाएंगी और वापिस घर छोड़ेंगी। जेपी दलाल ने कहा कि हल्के के लोगों का प्यार और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है और अब इनकी सेवा करना मेरा भी कर्तव्य बनता है।
NEWS SOURCE : chopaltv
