
राजधानी दिल्ली का शाहबाद डेयरी इलाका एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार यहां एक किशोरी से कथित तौर पर चार बदमाशों द्वारा पार्क में गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही एक नाबालिग को भी पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार 27 जून देर रात अपने दोस्त के साथ घर जा रही 16 साल की लड़की से कथित तौर पर चार बदमाशों ने रास्ते में रोककर छेड़छाड़ की। जब उसके दोस्त ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी पिटाई कर उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद चारों ने मिलकर लड़की को जबरन पार्क में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया।
बदमाशों के चंगुल से छूटने के बाद पीड़िता ने अपने परिजनोंं के साथ शाहबाद डेयरी थाने जाकर पुलिस को आपबीती सुनाते हुए इस घटना की जानकारी दी। पुलिस इस संबंध में लड़की के बयान के आधार पर गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने कहा कि सभी चार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और नाबालिग समेत तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया है। एक आरोपी फरार है और उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार दो आरोपियों की पहचान बॉबी (19) और राहुल (20) के तौर पर हुई है। दोनों शाहबाद डेयरी इलाके के रहने वाले हैं। इन तीनों के अलावा दो नाबालिगों को अपराध की सूचना देने में नाकाम रहने के आरोप में पॉक्सो अधिनियम की धारा 21 के तहत पकड़ा गया है।
दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को बताया कि 27 जून की रात पीड़िता अपने दोस्त के साथ पार्क में थी, इसी दौरान एक नाबालिग सहित लड़के वहां पहुंचे और उसके साथ गैंगरेप किया और भाग गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच जारी है।
NEWS SOURCE : livehindustan
