
सिरसा: इनेलो प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला को धमकी देने के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एक अतिरिक्त पुलिस की गाड़ी उनके साथ रहेगी। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इनेलो की परिवर्तन यात्रा से कोई घबरा गया होगा, इसलिए उसे धमकी दी गई है।
इस तरह की धमकियों से वह डरने वाले नहीं हैं और न ही इसकी परवाह करते हैं। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि उनका किसी के साथ कोई विवाद नहीं है। पद यात्रा से विचलित होकर किसी ने धमकी दी है। अभय सिंह चौटाला ने यह भी कहा कि इनेलो मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। युवाओं को सरकार पर भरोसा नहीं रहा है, इसलिए वह अपनी जमीन बेचकर विदेशों की तरफ जाने को मजबूर हो रहे हैं। वह वायदा करते हैं कि अगर इनेलो सत्ता में आती है तो फिर युवाओं को रोजगार और सुरक्षा देंगे।
गौर रहे कि सिरसा के पन्नीवाला मोटा गांव निवासी रमेश गोदारा ने जींद सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इनेलो द्वारा पूरे प्रदेश में परिवर्तन यात्रा निकाली जा रही है। 18 जुलाई को जींद के गांव ललित खेड़ा के पास उनकी पैदल यात्रा पहुंची। रात को करीब 9 बजे उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने उसे और अभय सिंह चौटाला को मारने की धमकी दी । मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
NEWS SOURCE : punjabkesari
