
फरीदाबाद: कभी पत्रकार तो कभी मेडिकल इंस्पेक्टर बताने वाले एक युवक को सेक्टर-85 क्राइम ब्रांच ने एक कार सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।सेक्टर-85 की क्राइम ब्रांच की टीम मंगलवार की रात गश्त पर थी। उस वक्त पुलिस को मुखिबर ने सूचना दी कि सेक्टर-17 निवासी राहुल चौहान अपने आप को पत्रकार तो कभी मेडिकल इंस्पेक्टर बताता है। पुलिस को जानकारी देने वाले ने यह भी बताया कि नगर निगम दिल्ली का मेडिकल इंस्पेक्टर का कार्ड उसने देखा है, जो हमेशा अपने पास रखता है। वह इस समय सेक्टर-55 में वैगनआर चलाकर अपनी बहन के घर गया हुआ है। जब राहुल चौहान सोहना मोड की तरफ से बदरपुर टोल से होते हुए दिल्ली की तरफ जाएगा तो उसे सेक्टर-55 सोहना रोड पर नाकेबंदी करके काबू किया जा सकता है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी करके वैगनआर कार चालक से उसका नाम पूछा। उसने अपना नाम राहुल चौहान बताया, जो नई दिल्ली में सफदरजंग एन्क्लेव में रहता है, जबकि फरीदाबाद के सेक्टर-17 में उसका मकान है।
कार से तो कोई कागजात बरामद नहीं हुआ, पर राहुल की तलाशी लेने पर उसके लोवर की जेब से एक कार्ड बरामद किया, जिस पर दक्षिणी दिल्ली नगर निगम लिखा है, जिस पर हेल्थ इंस्पेक्टर लिखा हुआ है। उस पर राहुल का फोटो भी लगा हुआ है। कार्ड पर एक अक्टूबर 2017 लिखा हुआ है, जिस पर हस्ताक्षर भी नहीं है। इस पर राहुल ने बताया कि वह नगर निगम विभाग में मेडिकल इंस्पेक्टर हैं और उसका हस्ताक्षर शुदा असली कार्ड उसकी बहन के घर रह गया है। इसके चलते पुलिस ने उसकी बहन के घर पर भी कार्ड तलाश किया, लेकिन घर पर कोई कार्ड नहीं मिला। पुलिस ने कार्ड को दिल्ली नगर निगम जांच के लिए भेजा है। पुलिस ने फिर राहुल से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह झूठ बोल रहा था और वह किसी विभाग में कार्यरत नहीं है। उसने यह कार्ड नकली बनवाया हुआ है। इसके चलते क्राइम ब्रांच ने सेक्टर-58 थाना में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
NEWS SOURCE : livehindustan
