
Nuh violence: हरियाणा के नूंह में 31 जुलाई को सांप्रदायिक हिंसा भड़कने के बाद से बंद स्कूल और अन्य शैक्षणिक संस्थान शुक्रवार को खोले जाएंगे. इसके अलावा, हरियाणा राज्य परिवहन विभाग की बस सेवाएं भी पूरी तरह से बहाल कर दी जाएंगी. अधिकारियों ने मुस्लिम मौलवियों से अपने घरों पर जुमे की नमाज अदा करने और लोगों को इसका पालन करने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया. वहीं, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक प्रतिनिधि मंडल ने हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा किया. निकटवर्ती गुरुग्राम जिले में, जमीयत उलेमा के अध्यक्ष मुफ्ती सलीम कासमी ने लोगों से किसी भी खुले स्थान पर जुमे की नमाज अदा न करने की अपील की और उन्हें मस्जिदों या अपने घरों में इबादत करने के लिए कहा.
