
फरीदाबाद के ओमैक्स हाइट सोसाइटी में शनिवार को एक आठ वर्षीय मासूम लिफ्ट में तीन घंटे तक फंसा रहा। वह ट्यूशन जाने के लिए घर से निकला था। इस दौरान तकनीकी समस्या आने से लिफ्ट बंद हो गई और वह तीन घंटे तक इसमें फंसा रहा। ट्यूशन का समय समाप्त होने के बाद भी वापस न आने पर घर वालों ने जब बच्चे की तलाश शुरू की तब उसके लिफ्ट में फंसे होने की जानकारी मिली। परिवार का आरोप है कि मेंटिनेंस टीम की लापरवाही की वजह से बच्चा लिफ्ट में फंस गया था। ऐसे में कोई भी हादसा बच्चे के साथ हो सकता था।
जानकारी के अनुसार पवन चंदीला अपने परिवार के साथ ओमैक्स हाइट सोसाइटी में पांचवी मंजिल पर रहते हैं। शनिवार को उनका आठ वर्षीय मासूम गौरवान्वित अपने ट्यूशन के लिए घर से निकला था। शाम पांच बजकर 20 मिनट पर लिफ्ट में गया इस दौरान दूसरी मंजिल पर लिफ्ट बंद हो गई और रुक गई। लिफ्ट न खुलने पर बच्चे ने पहले इमरजेंसी बटन दबाने और आवाज लगाने का प्रयास किया लेकिन आस-पास कोई न होने की वजह से किसी और को पता नहीं चला। शाम 6 बजे के बाद ट्यूशन टाइम पूरा होने के बाद भी बच्चे के वापस न आने पर परिजन बच्चे को खोजने निकले। इस दौरान उन्हे गार्ड ने बताया कि उनके टावर की लिफ्ट पांच बजे से बंद है जिसके बाद परिजनों ने आवाज लगाई जिसका जवाब बच्चे ने दिया। बच्चे के फसने की सूचना तकनीकी टीम को दी गई जिसने बच्चे को रेस्क्यू कर लिया।
बंद लिफ्ट में बैठकर होमवर्क करता रहा
बच्चे के पिता पवन ने बताया कि उनका बेटा लिफ्ट बंद होने के बाद कुछ देर तक निकलने का प्रयास कर रहा था। इसके बाद उसने अपने बैग से कॉपी निकालकर होमवर्क शुरू कर दिया। जिससे उसका ध्यान बटा रहा और वह तनाव में नहीं आया। बच्चा यदि तनाव में आ जाता तो कोई दुर्घटना हो सकती थी।
लिफ्ट इस्तेमाल में रखें सावधानी
सोसाइटी आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी सुधीर शर्मा ने बताया कि लिफ्ट में 12 साल से कम उम्र के बच्चों को अकेले जाना मना है। लिफ्ट में इमरजेंसी अलार्म इत्यादि की व्यवस्था है। लेकिन बच्चा छोटा था जिसके चलते वह खुद के फंसे होने की जानकारी नहीं दे पाया। लोगों को लिफ्ट के इस्तेमाल के समय तय नियमों का पालन करना चाहिए।
NEWS SOURCE : livehindustan
