
देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से मिनी लॉकडाउन लगने वाला है। जिसकी वजह से दिल्ली की सड़कों से लेकर बाजारों को बंद करने का एलान किया गया है। दरअसल भारत जी-20 के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में 9 और 10 सितंबर को नई दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।

इस सम्मेलन के लिए जहां एक तरफ दिल्ली को सजाया जा रहा है तो वहीं, दूसरी तरफ राजधानी की सुरक्षा भी बढ़ाई जा रही है। जी-20 सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सुरक्षित किले में तब्दील रहेगी। जो इलाके जी20 सम्मेलन के आयोजन स्थलों के पास हैं, उन इलाकों में लगने वाले वीकली मार्केट्स को भी बंद करने के आदेश जारी किए गए है। हो सकता है कि 5 दिनों तक दिल्लीवालों को सब्जियों और अन्य घरेलू सामानों के लिए जद्दोजहद करना पड़े।

दिल्ली पुलिस के कहने पर एमसीडी ने साउथ, साउथ-वेस्ट और वेस्ट जिले में लगने वाले वीकली बाजारों को बंद करने का आदेश दिया है। एमसीडी ने साउथ जोन के सभी 12 वीकली बाजारों को 5 से 10 सितंबर तक बंद रखने के लिए कहा है। इसी तरह एयरपोर्ट के पास स्थित नजफगढ़ जोन के 29 वीकली बाजारों को भी बंद करने के लिए कहा गया है।

ये वीकली बाजार रहेंगे बंद
एमसीडी अफसरों के अनुसार सभी 12 जोन मिलाकर कुल 280-290 वीकली मार्केट्स हैं, जिसमें 15-16 हजार दुकानें लगती हैं। जिनमें ज्यादातर सब्जियां बिकती हैं जिसकी वजह से यहां भीड़ ज्यादा होती है। इसलिए साउथ जोन में लगने वाले सभी वीकली मार्केट्स 5 सितंबर से 10 सितंबर तक बंद रहेंगे।

साउथ-वेस्ट जिले में स्थित नजफगढ़ जोन एयरपोर्ट के काफी पास है। इसलिए इस जोन में लगने वाले करीब 29 वीकली बाजारों को भी बंद करने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा वेस्ट जोन के 31 और सेंट्रल जोन के 8 वीकली मार्केट्स भी बंद कराए जाएंगे। सेंट्रल जोन में लगने वाले कई वीकली मार्केट्स तो प्रगति मैदान के आसपास ही हैं।

वहीं ईस्ट दिल्ली के दोनों जोन मिलाकर करीब 108 वीकली मार्केट्स हैं। नॉर्थ व नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली में कुल 105 वीकली मार्केट्स हैं। लक्ष्मी नगर, शकरपुर, मयूर विहार और आसपास के इलाकों में लगने वाले वीकली मार्केट को बंद कराया जा सकता है। क्योंकि ये इलाके भी वेन्यू के आसपास ही स्थित हैं।
NEWS SOURCE : chopaltv
