
Faridabad news : हरियाणा के फरीदाबाद में सिविल अस्पताल बादशाह खान से बच्चा चोरी हो गया। यहां अस्पताल में दाखिल सुरजकूंड क्षेत्र की एक महिला को रविवार रात को डिलीवरी के लिए लाया गया था। सोमवार सुबह साढ़े तीन बजे डिलीवरी हुई थी और उसे लडक़ा हुआ था। फरीदाबाद के सूरजकुंड इलाके के अंगपुर डेरी का रहने वाले व्यक्ति ने बताया कि रात 11 बजे के करीब एक महिला आई और उसने अपने आप को बादशाह खान अस्पताल की स्टाफ कर्मचारी बताया। वह नवजात बच्चे और जच्चा के आसपास घूमती रही लेकिन जच्चा और उसके साथ मौजूद उसकी मां सोई नहीं थी, इसलिए वह बच्चा चुराने में कामयाब नहीं हो पाई। इसके बाद वह चली गई और वापस आई।
आते ही उसने उनकी मां से कहा कि वह अपनी बहू के कपड़े बदलवाकर लाए। उसकी मां जैसे ही बहू के कपड़े बदलवाने के लिए गई तो उस महिला ने बच्चा चुरा लिया। बच्चा चोरी करने की घटना सुबह सात बजकर 45 मिनट के करीब की है। पीड़ित पिता के मुताबिक इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस में की है और पुलिस और वह दोनों बच्चे की तलाश में जुटे हैं। पीड़ित पिता ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए है।
