
फरीदाबाद। जिला प्रशासन ने बुधवार को नगर निगम की वार्डबंदी का फाइनल ड्राफ्ट तैयार करके हरियाणा राज्य चुनाव आयोग को भेज दिया है। इसमें मतदान केंद्र के आधार पर वार्डबंदी का नया नक्शा और नगर निगम वार्डों की नई मतदाता सूची तैयार करके भेजी गई है। नई वार्डबंदी में निगम क्षेत्र में 40 से बढ़कर 46 वार्ड हैं। इन वार्डों में अब मतदाता बढ़ककर 13.12 लाख हो गए हैं। इससे पहले हुए निगम चुनाव में 10.20 लाख मतदाता थे। यानी इस बार तीन लाख नए मतदाता निगम चुनाव में वोट करेंगे।
बड़खल विधानसभा में सबसे अधिक 11 वार्ड
नई वार्डबंदी के मुताबिक 46 वार्डों में से फरीदाबाद विधानसभा में सबसे कम आठ वार्ड और बड़खल विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 11 वार्ड बनाए गए हैं, जबकि फरीदाबाद एनआईटी विधानसभा, तिगांव विधानसभा और बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में नौ-नौ वार्ड बनाए गए हैं। प्रत्येक वार्ड में मतदान केंद्र संख्या लगातार रखे गए हैं। मसलन बड़खल विधानसभा के वार्ड में 12 में मतदान केंद्र संख्या एक से 26 तक शामिल किए गए हैं। हरियाणा नगर निगम अधिनियम-1994 वार्डबंदी नियम-तीन, सात व नौ के तहत प्रदेश के किसी भी नगर निगम क्षेत्र में अधिकतम 46 वार्ड हो सकते हैं।
नगर निगम क्षेत्र की कुल आबादी का अधिकतम वार्ड की संख्या का एक भाग प्रत्येक वार्ड की आबादी होगी। मसलन, फरीदाबाद नगर निगम क्षेत्र की आबादी 23 लाख है, तो इसका 46वां भाग प्रत्येक वार्ड की आबादी तय की जाएगी। इसमें 10 फीसदी कम या अधिक हो सकती है। यह सामांज्यस भी नए नक्शे में किया गया है।
फरवरी-2022 से लंबित हैं चुनाव
नियम के मुताबिक बीते वर्ष फरवरी से पहले ही नगर निगम के चुनाव होने चाहिए थे ताकि फरवरी में ही नगर निगम के छठवें सदन का गठन हो जाता है। लेकिन कभी वार्डबंदी तो कभी अदालती मामलो के चलते नगर निगम चुनावों को टालते गए। परिणामत: प्रदेश के सबसे बड़े और पहले नगर निगम में फिलहाल कोई चुनी हुई कमेटी नहीं है। इसलिए शहर के विकास कार्यो पर इसका असर पड़ रहा है। रिहायशी इलाकों में छोटे-छोटे काम, सफाई जैसे कार्य भी बीते डेढ साल से नहीं हो पा रहे हैं।
चौथी बार की गई वार्डबंदी
नगर निगम चुनावों के मद्देनजर वार्डबंदी चौथी बार की गई हैं। इस बार ग्रेटर फरीदाबाद के करीब 24 गांवों को नगर निगम में शामिल किया गया है, इसके चलते वार्डबंदी की गई है। सबसे पहले वर्ष 1994 में किया गया था और 25 वार्डों का गठन किया गया। दूसरी बार वर्ष 2005 में वार्डों का परिसीमन करते हुए 35 वार्ड बनाए गए। तीसरी बार वर्ष 2016 में वार्डों का परिसीमन करते हुए वार्ड संख्या बढ़कर 40 की गई। और अब वर्ष 2022 से की जा रही वार्डबंदी में वार्डों की संख्या बढ़ाकर 46 की गई है।
प्रत्येक वार्ड में होंगे करीब 25 से 30 हजार मतदाता
वार्डबंदी में प्रयास किया गया है कि प्रत्येक वार्ड में करीब 25 से 30 हजार मतदाता हो। इनमें 10 फीसदी कम या अधिक हो सकते हैं। फरीदाबाद नगर निगम क्षेत्र की छह विधानसभा क्षेत्रो के करीब 13.12 लाख मतदाता हैं। इससे पहले पांच विधानसभा क्षेत्र ही नगर निगम क्षेत्र में थे। लेकिन बीते वर्ष ग्रेटर फरीदाबाद के करीब 24 गांवों को नगर निगम में शामिल किया गया। शहर की आबादी करीब 26 लाख पहुंच गई है।
NEWS SOURCE : livehindustan
