
संभल: जिनके कंधों पर कानून की रक्षा की जिम्मेदारी है, वही लोग कानून का माखौल उड़ा रहे हैं. संभल में ऐसा ही मामला सामने आया है. यहां मेला गणेश चौथ से ड्यूटी कर कार से लौट रही महिला दरोगा के साथ दो कांस्टेबलों ने छेड़छाड़ की. सिपाहियों ने पहले कार से उनका पीछा किया फिर इस्लामनगर चौराहे पर उनके साथ छेड़छाड़ और गाली-गलौज की. महिला दरोगा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों सिपाहियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. एक सिपाही यातायात में तो दूसरा डायल 112 में तैनात है. एसपी ने दोनों को निलंबित कर दिया है. अमरोहा के थाना गजरौला में तैनात एक महिला दरोगा की ड्यूटी इनदिनों चन्दौसी मेला गणेश चौथ में लगी हुई है.
मंगलवार की रात एक बजे वह ड्यूटी के बाद तबीयत खराब होने के कारण कार से गजरौला लौट रहीं थीं. कार एक युवक चला रहा था. आरोप है कि महिला दरोगा जैसे ही कार से चन्दौसी से चलीं तो डायल 112 में तैनात पवन चौधरी और यातायात पुलिस में तैनात रविंद्र ने अपनी कार से महिला दरोगा की कार का पीछा करना शुरू कर दिया. महिला दरोगा वर्दी में थीं. बहजोई के इस्लामनगर चौराहे पर पहुंचने के बाद महिला दरोगा ने कार रुकवा ली. सिपाही भी वहां पहुंच गए. सिपाहियों ने महिला दरोगा के साथ गाली-गलौज करते हुए छेड़छाड़ की और उसके बाद मौके से भाग गए. इस मामले की जानकारी महिला दरोगा ने पुलिस को दी तो हड़कंप मच गया. आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने आरोपी सिपाही पवन चौधरी और रविंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया. बताया जाता है कि जिस समय सिपाहियों ने घटना को अंजाम दिया उस समय वह दोनों शराब के नशे में थे. एसपी ने दोनों आरोपी सिपाहियों को निलंबित कर दिया है l
NEWS SOURCE : lalluram
