
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को रैपिडएक्स के साहिबाबाद स्टेशन का निरीक्षण करने आएंगे। उनका कार्यक्रम जारी हो गया है। उनका हेलीकॉप्टर सुबह 10 बजे गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरपोर्ट पर उतरेगा। रैपिडएक्स के प्राथमिक खंड साहिबाबाद से दुहाई का अगले सप्ताह उद्घाटन होना है। बीते दो दिन से जिला और पुलिस प्रशासन के अधिकारी साहिबाबाद स्टेशन और सभा स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। सभा स्थल पर करीब 20 हजार लोगों के बैठने का इंतजाम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुबह 8.30 बजे श्री गोरक्षनाथ मंदिर गोरखपुर से निकलेंगे। सुबह 8.45 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट से रवाना होंगे। सुबह 10 बजे उनका राजकीय वायुयान गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरपोर्ट पर उतरेगा। मुख्यमंत्री यहां से तुरंत ही हरियाणा के रोहतक स्थित बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर में 345 बजे गाजियाबाद स्थित सीआईएसएफ गेस्ट हाउस पहुंचेंगे।
दोपहर बाद 4.20 से 4.40 बजे तक वसुंधरा के सेक्टर-आठ स्थित जनसभा स्थल का निरीक्षण करेंगे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभा को संबोधित कर सकते हैं। मुख्यमंत्री शाम 4.45 बजे रैपिडएक्स के साहिबाबाद स्टेशन पहुंचेंगे। यहां आधा घंटे एनसीआरटीसी अधिकारियों से वार्ता कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। शाम 5.25 बजे हिंडन एयरपोर्ट पहुंचेंगे। शाम 530 बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। 16 से 18 अक्तूबर के बीच उद्धाटन प्रस्तावित है।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर अधिकारियों के निरीक्षण का जारी है। गुरुवार को मुख्यमंत्री के दौरे के चलते पुलिस आयुक्त अजय कुमार मिश्र, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह और नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने रैपिडएक्स के साहिबाबाद स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान रूट पर पांच मिनट पहले ट्रैफिक रोक दिया जाएगा।
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा, ‘मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियों को पुख्ता कर लिया गया है। प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा स्थल पर लोगों के लिए पर्याप्त सुविधाएं मौजूद रहेंगी।’
पहले फेज में ये शहर शामिल
आरआरटीएस के पहले फेज में कई शहर में रैपिडएक्स चलाने की योजना है। पहले फेज में शाहदरा-गाजियाबाद, साहिबाबाद-दिल्ली मिंटो ब्रिज, दयाबस्ती-गुरुग्राम, नया आजादपुर-नरेला सोनीपत, पटेलनगर-नागलोई बहादुरगढ़, न्यू तिलक ब्रिज नागलोई-तुगलगाबाद बल्लभगढ़ और न्यू लिक ब्रिज से नोएडा-ग्रेटर नोएडा तक भविष्य में रैपिडएक्स ट्रेन चलाने की योजना है।
NEWS SOURCE : livehindustan
