
Delhi-NCR AIR Pollution: दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण बढ़ने के साथ ही जहरीली दवा के स्तर में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. मंगलवार को जहां कई जगहों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी कि AQI 400 के पार तक चला गया था. वहीं, बुधवार सुबह से ही धूंध की चादर बिछी हुई है. आलम यह है कि लोग दोबारा से मास्क लगाने को मजबूर होने लगे हैं. खासकर बुजुर्गों और बच्चों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी है. सुबह के समय मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों को घुटन और थकावट का सामना करना पड़ रहा है.
दिल्ली-एनसीआर में अक्टूबर का पूरा महीना ही वायु प्रदूषण की चपेट में रहा. वहीं, अब जबकि नवंबर का महीना शुरू हो चुका है तो प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए लगता नहीं है कि जल्द ही इससे राहत मिलने वाली है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के जारी आंकडों की बात करें तो दिल्ली में AQI का स्तर 359 तक पहुंच गया है. वहीं, नोएडा में AQI 329, ग्रेटर नोएडा में 375, फरीदाबाद में 320, बहादुरगढ़ में 378, भिवानी में 328, सोनीपत में 382 दर्ज किया गया है.
दिल्ली में AQI 400 के पार
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली की बात करें तो AQI का स्तर नॉर्थ कैंपस में 407, रोहिणी में 419, वजीरपुर में 409, मुंडका में 432 और आनंद विहार में 422 रहा. इन जगहों पर स्थिति बेहद खराब रही है और प्रदूषण का स्तर 400 के आंकड़े को पार कर गया. दिल्ली-एनसीआर में ठंड के समय पराली के साथ वाहन और अन्य कारणों से प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ जाता है. इसकी वजह हवा में नमी का होना होता है. नमी के कारण प्रदूषण के कण हवा में अधिक ऊंचाई तक नहीं जा पाते हैं, जिस वजह से लोगों को जहरीली हवा का सामना करना पड़ता है. हालांकि, प्रदूषण की स्तर से हाल-फिलहाल कोई राहत मिलने के आसार नजह नहीं आ रहे हैं.
NEWS SOURCE : zeenews
