
यूपी के हमीरपुर में कुछ ऐसा हो गया कि लड़के ने बारात लाने से मना कर दिया। इतना सुनते ही लड़की के माता-पिता रोने लगे। शादी वाले घर में माता-पिता को रोता देखकर दुल्हन ने भी खौफनाक कदम उठा लिया। इसके बाद दुल्हन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल शादी के दिन ही दूल्हे ने ससुराल वालों से पांच लाख रुपये नगद और बाइक की मांग कर दी और बारात न लाने की बात कही। इतना सुनते ही लड़की वाले सदमे में आ गए। माता-पिता को रोता-बिलखता देखकर दुल्हन ने जर खा लिया। शादी वाले घर में हड़कंप मच गया।
मामला जिले के मौदहा कोतवाली का है। यहां बीते दिन एक बेटी की बारात आनी थी। लड़की के घर वालों बारातियों के स्वागत को लेकर पूरी तैयारियां कर ली थीं। खाने-पीने से लेकर दान-दहेज का भी पूरा इंतजाम कर लिया था। लड़कों वालों ने जो मांग की थी उसे लड़की वालों ने मंगाकर शादी से पहले ही उनके घर भिजवा दी थी। लड़की वाले बारात का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान दूल्हे ने दुल्हन पक्ष से दहेज की मांग और बढ़ा दी। दूल्हे ने दहेज में बाइक और पांच लाख रुपये नगद मांग लिए। यह सुनते ही लड़की वालों के घर में सन्नाटा पसर गया।
दहेज की मांग सुनते ही रोने लगे माता-पिता
लड़की वाले बारात का इंतजार कर रहे थे लेकिन लड़के वालों ने दहेज की मांग पूरी होने पर ही बारात लाने की बात कही। इस पर लड़की के माता-पिता रोने लगे। इसकी जानकारी जब दुल्हन को हुई तो उसने खौफनाक कदम उठा लिया। लड़की ने शादी के दिन ही जहर खा लिया। गंभीर हालत में दुल्हन को कानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिजनों ने देर रात ही मौदहा कोतवाली पुलिस को लड़के वालों के खिलाफ तहरीर दी है।
NEWS SOURCE : livehindustan
