
फरीदाबाद: नगर निगम प्रशासन शहर को साफ रखने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। इसमें अवैध रूप से बनाए गए करीब 250 कूड़ा केंद्रों को खत्म किया जाएगा। सिर्फ वैध रूप से बने हुए 212 कूड़ा केंद्रों पर ही कूड़ा डाला सकेगा। नगर निगम आयुक्त ए मोना श्री निवासन ने बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर इस बारे में सख्त आदेश जारी किया।
शहर में हर रोज करीब छह टन कूड़ा निकल रहा है। ऊपर से 70 से 80 हजार टन के बीच कूड़ा शहर की सड़कों पर पड़ा हुआ है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सात दिसंबर तक इस कूड़े को बंधवाड़ी प्लांट में पहुंचाकर शहर को साफ करने का आदेश दिया था। इसके बाद से नगर निगम प्रशासन सक्रिय हो गया है। इकोग्रीन के साथ-साथ नगर निगम प्रशासन ने भी अपने वाहन भी कूड़ा उठाने में लगा दिए हैं। करीब 125 वाहनों को कूड़ा उठाने में लगाया गया है। इसके बाद से कूड़ा उठाने में तेजी आई है। फिर भी सात दिसंबर तक शहर से कूड़ा नहीं उठने जा रहा है। इस मुद्दे पर बुधवार को नगर निगम आयुक्त ए मोना श्रीनिवासन ने कूड़े के निपटारे के लिए कैंप कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में निगमायुक्त ने कहा कि किसी भी तरीके से नौ दिसंबर तक शहर की सड़कों से कूड़े को हटाया जाए।
अवैध रूप से बने कूड़ा केंद्रों को बंद करवाकर वहां सौंदर्यीकरण करवाया जाए। कूड़ा न फेंकने के लिए जागरुक करने के लिए फ्लैक्स बोर्ड लगवाए जाएं। लोगों को आरडब्ल्यूए के माध्यम से कूड़ा न फेंकने और पॉलीथीन प्रयोग न करने के बारे में जागरुक किया जाए। निगमायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी पूरे शहर से कूड़ा को हटाने पर ध्यान दें। अवैध रूप से बने सभी कूड़ा केंद्रों को जल्द खत्म करवाया जाए।
कूड़ा फेंकने और पॉलीथीन के चालान किए जाएं
शहर में अपनी मर्जी से सड़क किनारे कूड़ा फेंकने वालों के चालान में तेजी जाए। अवैध रूप से कूड़ा डालने वाले रेहड़ी-रिक्शा वालों के चालान किए जाएं। बजारों में जाकर पॉलीथीन के चालान किए जाएं। पॉलीथीन, गोबर और कूड़ा डालने वालों के प्रतिदिन 150 चालान किए जाएं।
कूड़ा उठाने पर पूरा फोकस है। अब नौ दिसंबर तक शहर से कूड़े को उठाकर बंधवाड़ी प्लांट में पहुंचाने पर काम चल रहा है। उम्मीद है कि नगर निगम प्रशासन शहर को साफ करने के अपने लक्ष्य को पूरा कर लेगा।
– पदम भूषण, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम
NEWS SOURCE : livehindustan
