
Dhirendra Shashtri Katha Delhi: आज अगर आपको पूर्वी दिल्ली की ओर जाना है तो ये खबर आपके लिए ही है. दरअसल आज वहां बागेश्वर धाम के पंडित बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा है. ऐसे में करीब एक लाख श्रद्धालुओं की मौजूदगी से ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो इसलिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) ने ये इंतजाम किए हैं. बागेश्वर धाम (Bagheshwar Dham) के पंडित कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री की ‘श्री राम हनुमान संवाद’ कथा (Ram Hanuman Katha) के मद्देनजर आज शनिवार से पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा इलाके में यातायात प्रभावित रहेगा.
इस रूट पर यातायात की आवाजाही प्रतिबंधित
दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियों ने यह जानकारी दी. शास्त्री को बागेश्वर धाम के नाम से भी जाना जाता है. यातायात परामर्श के अनुसार, सीबीडी ग्राउंड में धीरेंद्र शास्त्री की ‘श्री राम हनुमान संवाद’ (कथा) के मद्देनजर शनिवार से सोमवार तक कड़कड़डूमा लाल बत्ती से महाराजा सूरजमल रोड, विवेक विहार पर सत्यम चौक तक यातायात की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. इसमें कहा गया कि मोटर चालकों को कड़कड़डूमा रेड लाइट से वाल्मीकि मार्ग (रोड नंबर 72) से वाल्मीकि मार्ग-गुरुद्वारा रोड चौराहे तक और उसके बाद गुरुद्वारा रोड से महाराजा सूरजमल रोड, विवेक विहार पर सत्यम चौक तक वैकल्पिक मार्गों का पालन करने की सलाह दी जाती है.
परामर्श में कहा गया कि यात्रियों की सहूलियत के लिए उचित स्थानों पर यातायात संकेत लगाए गए हैं और यातायात के सुचारू व निर्बाध प्रवाह को सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त कर्मचारियों को तैनात किया गया है. इसमें कहा गया कि मोटर चालकों को सलाह दी जाती है कि वे परिवर्तित मार्गों का रुख करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें.
कलश यात्रा के रूट का ध्यान रखें
पुलिस ने बताया कि ‘अंतरराष्ट्रीय सिद्धाश्रम शक्ति केंद्र’ द्वारा शनिवार को कलश यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जो सूरजमल विहार में श्री राम मंदिर से शुरू होगी. यात्रा सुबह नौ बजे शुरू होगी और दोपहर 12 बजे सीबीडी ग्राउंड पर समाप्त होगी. परामर्श के मुताबिक, यात्रा के कारण शनिवार को सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक मार्ग पर किसी भी वाहन को चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी l
NEWS SOURCE : zeenews
