
फरीदाबाद। नूंह हिंसा के आरोपी बिट्टू बजरंगी के भाई महेश को जलाकर मारने के प्रयास के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से खफा आज प्याली चौक स्थित पार्क में बिट्टू बजरंगी पंचायत करेंगे। बिट्टू ने अपने समाज के लोगों से इस पंचायत में आने का आह्वान किया है। इससे पहले 22 दिसंबर को बिट्टू ने इस पंचायत का ऐलान किया था। उसका कहना है कि पुलिस मामले में लापरवाही बरत रही है। सबूत न होने के नाम पर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। अब पंचायत कर निर्णय लिया जाएगा कि आगे क्या करना है?
भाई पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई गई थी आग
उधर पुलिस इस मामले को शुरू से ही संदिग्ध मान रही है। इसलिए अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। बता दें 13 दिसंबर की आधी रात के बाद महेश को कुछ युवकों ने ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी थी। महेश ने पास के नाले में कूद कर आग बुझाई और अपने घर पहुंचा। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभी महेश का उपचार चल रहा है ।
सारन थाना पुलिस ने जानलेवा हमला करने सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस आयुक्त राकेश कुमार आर्य ने पिछले दिनों घटनास्थल का निरीक्षण किया था। इस दौरान उनके साथ एसीपी अमन यादव भी साथ में थे। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि आखिरकार घटनास्थल पर हुआ क्या था?
NEWS SOURCE : jagran
