
फरीदाबाद: एनआइटी की हाईवे से अहम कनेक्टविटी नीलम रेलवे पुल की लेन की मरम्मत शुरू हो गई है। पुल की यह लेन 16 दिन से बंद की हुई है। अब जाकर मरम्मत कार्य शुरू हो सका है। इसमें फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण और ठेकेदार की घोर लापरवाही रही है। लेट-लतीफी के चलते रोज 50 हजार वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने दावा किया था कि पुल की मरम्मत कुल 17 दिन में पूरी कर दी जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हो सका। सबसे अहम कनेक्टिविटी वाले पुल की जर्जर परत उखाड़ने में ही 10 दिन लगा दिए थे।
परत उखाड़े हुए भी बीत गए छह दिन
परत उखाड़े हुए भी छह दिन बीत गए, लेकिन काम शुरू नहीं किया गया था। अधिकारी तरह-तरह का बहाना बनाते रहे। इतना ही नहीं पुल की लेन पर आवागमन बंद करने दो दिन बाद तो काम शुरू किया गया था। इसके बाद कुछ ही श्रमिक काम करते हुए दिखाई दिए। जल्द काम पूरा करने के लिए तो पुल पर दिन-रात काम चलना चाहिए था। अब उम्मीद है कि सप्ताहभर में मरम्मत कार्य पूरा हो जाएगा और लोगों को राहत मिल सकेगी। प्राधिकरण के मुख्य अभियंता रमेश बागड़ी का कहना है कि ठेकेदार को जल्द काम पूरा करने के निर्देश दे दिए हैं।
NEWS SOURCE : jagran
