
फरीदाबाद: जवाहर कॉलोनी स्थित एक एटीएम बूथ में पैसे निकाल रहे एक व्यक्ति से जालसाजों ने डेबिट कार्ड बदल लिए। साथ ही उनके खाते से 22 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर सारन थाना की पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार पीड़ित रवि कुमार ने अपनी शिकायत में बताया है कि 10 जनवरी को वह जवाहर कॉलोनी के महराजा डेरी के पास स्थित एटीम बूथ से पैसे निकालने गए थे। वह एटीएम में कार्ड डालकर करीब तीन हजार रुपये निकाल रहे थे। तभी दो युवक बूथ के अंदर आ गए और कैंसिल करने की बात कहते हुए डेबिट निकाल लिए। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों वापस कार्ड देकर वापस भी चले गए।
कुछ देर बात उनके मोबाइल फोन पर मैसेज आया कि खाते से तीन बार में करीब 22 हजार रुपये की निकासी हुई है। उन्हें समझते देर नहीं लगी। उन्होंने तुरंत बैंक से बातकर अपना डेबिट कार्ड ब्लॉक कराया और पुलिस में शिकायत दी। पुलिस जांच में सही पाए जाने के बाद मामला दर्जकर आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
