
फरीदाबाद: कोतवाली थाने में एसजीएम नगर के रहने वाले अमित ने दी शिकायत में बताया कि 25 जनवरी की रात को वह और उसका दोस्त राकेश नीलम बाटा रोड पर स्थित हैंगआउट अहाता पर बीयर पीने गए थे। रात करीब साढ़े 11 बजे वह अहाते से बाहर निकलने लगे। तभी अहाता कर्मचारी तथा शराब ठेका कर्मचारी व उनके साथी उनसे बहस करने लगे।
उसने बताया कि विरोध करने पर सभी ने उन पर हमला कर दिया। उन दोनों को बुरी तरह से पीटा गया। उसे और उसके दोस्त को अहाते के अंदर बंद कर दिया और एक घंटे तक मारपीट करते रहे। मारपीट की वजह से वह बेहोश हो गए। आरोपित अपने नाम कुलदीप, नितिन, सौभव ले रहे थे। इस दौरान उनका पर्स ले लिया था, जिसमें जरूरी दस्तावेज और चार हजार रुपये थे। इतना ही नहीं उनके पर्स में एक क्रेडिट कार्ड से 10 हजार रुपये निकालने के लिए 10 बार ट्रांजेक्शन करने की कोशिश की गई।
एटीएम से पैसे निकालने की कोशिश
पिन कोड सही न होने की वजह से पैसे नहीं निकाले जा सके। ट्रांजेक्शन की कोशिश के मैसेज उनके मोबाइल फोन पर आए हुए हैं। मारपीट के दौरान उसके गले से डेढ़ तोले की सोने की चेन वहीं अहाते में गिर गई। बीयर पीने की वजह से पुलिस को इसकी शिकायत तुरंत नहीं दी जा सकी। अब पुलिस को शिकायत दी है ताकि आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
NEWS SOURCE : jagran
