
गुरुग्राम: गुरुग्राम पुलिस में तैनात एसपीओ के बेटे ने तैश में आकर एसीपी क्राइम वरुण दहिया को स्कॉर्पियो गाड़ी से टक्कर मार दी। स्टंट करने के दौरान एसीपी ने युवक को पकड़ा था और उसके पिता को बुलाया। पिता ने एसीपी के सामने ही बेटे को थप्पड़ मार दिया।
16 जनवरी की है घटना
इसी से गुस्साए युवक ने इस घटना को अंजाम दिया। मामला 16 जनवरी का है। घटना में घायल एसीपी के इलाज से वापस आने के बाद गुरुवार रात इस मामले का पता चला। सूत्रों के अनुसार, 16 जनवरी की रात गुरुग्राम के गढ़ी हरसरू क्षेत्र में एसीपी क्राइम वरुण दहिया और क्राइम ब्रांच में तैनात एक इंस्पेक्टर गश्त पर निकले थे। इस दौरान उनकी नजर स्कॉर्पियो से स्टंट करने वाले युवक पर पड़ी।
पिता को फोन कर बुलाया
एसीपी ने युवक को पकड़ लिया और उसके पिता को फोन कर बुलाया। पिता ने मौके पर आकर एसीपी के सामने ही बेटे को फटकार लगाई और थप्पड़ भी मारा। बताया जाता है कि इसी बात से गुस्साए युवक ने स्कॉर्पियो से एसीपी क्राइम और उनके साथ खड़े इंस्पेक्टर को टक्कर मार दी। आरोपित युवक के खिलाफ सेक्टर-10 थाने में 17 जनवरी को मामला दर्ज किया गया था।
SPO पद पर तैनात है आरोपी का पिता
इस मामले में एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने कुछ भी बोलने से इनकार किया है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी के पिता गुरुग्राम पुलिस में एसपीओ पद पर तैनात हैं। शायद इसीलिए अभी तक युवक की पहचान उजागर नहीं की गई थी। शुक्रवार दोपहर इस घटना के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद रात नौ बजे पुलिस की तरफ से प्रेसनोट जारी कर जानकारी दी गई।
साथ ही यह भी बताया गया कि आरोपी युवक को गुरुवार रात हयातपुर मोड़ से पकड़ लिया गया। उसकी पहचान हरसरु निवासी तरुण कुमार के रूप में की गई। आरोपी के विरुद्ध लड़ाई-झगड़ा करने के संबंध में एक केस पहले से ही दर्ज है। पुलिस ने स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की है।
NEWS SOURCE : jagran
