
फरीदाबाद: हरियाणा पुलिस में तैनात एक एएसआई और उसके परिवार को एक युवती परेशान कर रही है। आरोप है कि ब्लैकमेल कर पैसों की मांग की जा रही है। सेक्टर-31 थाने में पुलिसकर्मी की पत्नी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-30 पुलिस लाइन में रहने वाली एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति महेश कुमार एएसआई हैं और क्राइम ब्रांच में तैनात हैं। कैथल की रहने वाली दिव्या नामक युवती उनके पति को परेशान कर रही है। उनके पति के खिलाफ कुछ समय पहले उसने थाना सराय में शिकायत दी थी।
इस मामले की जांच की गई तो पति बेकसूर पाए गए। 27 जनवरी को दिव्या पुलिस लाइन में उनके फ्लैट पर आ गई और उसके साथ हाथापाई की, गाली दी। उसने उससे 40 हजार रुपये मांगे और कहा कि अगर तुमने पैसे नही दिए तो तेरे पति के खिलाफ ऐसा केस दर्ज कराऊंगी कि तू कही मुंह दिखाने लायक नही रहेगी। उस समय उसके पति घर पर नही थे।
मानसिक रुप से परेशान करने का आरोप
धमकी देकर वह कहने लगी कि तेरे पति जैसे पुलिस वाले कैथल में भी बहुत सीधे कर दिए हैं। इस दौरान दिव्या ने अलग-अलग नंबरों से उसे व उसके पति को कई बार कॉल की और मैसेज किए। हर बार धमकी दी। युवती उन्हें मानसिक रुप से भी परेशान कर रही है।
वॉट्सएप कॉल कर दी धमकी
इस मामले की शिकायत सेक्टर-31 थाने में दी गई। लेकिन फिर भी युवती नहीं मानी। वह उनके पति का पीछा करते हुए क्राइम ब्रांच उनके ऑफिस पहुंच गई। उस दौरान युवती के साथ नरेंद्र नामक युवक भी था। दोनों ने उसके पति को जेल भिजवाने की धमकी दी। इसके बाद वॉट्सएप कॉल कर उन्हें धमकी दी जाने लगी। दिव्या पुलिस अफसर बनकर अनजान नंबरों से कॉल करती है और धमकी दे रही है। वह पुलिस को दी गई शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बना रही है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फेसबुक पर हुई थी पहचान
पुलिसकर्मी ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी फेसबुक के माध्यम से युवती से जान-पहचान हुई थी। फेसबुक से युवती ने उनका नंबर ले लिया था। इसके बाद उससे बात करने लगी। युवती ने अपने आपको एक डीसीपी का परिचित बताया था। वह उस डीसीपी से मिलने फरीदाबाद आई थी। इस दौरान उससे भी मिली। बाद में उसे युवती की हरकतों पर शक हो गया। इसलिए बात करनी बंद कर दी। लेकिन युवती लगातार उसके पीछे पड़ी रही।
NEWS SOURCE : jagran
