
बल्लभगढ़: बल्लभगढ़ बस स्टैंड के बाहर और मेट्रो स्टेशन के बाहर गंदगी फैलाने वालों पर और अतिक्रमण करने वालों पर अब कार्रवाई होगी। खुले शौच पेशाब की बार-बार मिल रही शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम ने सख्ती के लिए टीम तैनात की है। गंदगी फैलाने और अतिक्रमण वालो के खिलाफ अब कार्रवाई की जाएगी। मेट्रो स्टेशन के गेट पर साइकिल रिक्शा व ऑटो रिक्शा वाले भी आड़ा तिरछा कर खड़ा कर व्यवस्था को खराब बनाए हुए हैं। इसके अलावा मेट्रो स्टेशन के नीचे भी खुले में शौच करने वालों ने हाइवे को पूरी तरह दुर्गंधमय बनाया हुआ है। इस अव्यवस्था के चलते मेट्रो से आवाजाही करने वाले व नेशनल हाइवे से गुजरने वाले लोगों को बेहद परेशानी होती है। जबकि पास में ही शौचालय बना हुआ हे।
बल्लभगढ़ बस स्टैंड, राजा नाहर सिंह मेट्रो स्टेशन तथा रेलवे स्टेशन तीनों की स्टेशन आपस में लगे हुए हैं। ऐसी स्थिति में बस अड्डे के प्रवेश द्वार के पास मेट्रो स्टेशन के प्रवेश द्वार के आसपास पिछले कुछ दिनों से 100 से अधिक रेहड़ी वालों ने अतिक्रमण किया हुआ है। खान-पीन का सामान बेचने वाली यह रेहड़ी वाले रोड पर गंदगी फैलाते हैं। अब गर्मी के दिनों में गन्ने के जूस की मशीन व आइसक्रीम बेचने वालों ने भी अपनी-अपनी रेहड़ी जमा ली है। सुबह होते ही यह रेहड़ी वाले मौके पर पहुंच जाते हैं और देर रात तक वहीं जमे रहते हैं। ऐसी स्थिति में सिटी बस सेवा की बस को आवाजाही में बेहद परेशानी होती है। इसके अलावा हरियाणा रोडवेज की बस को बस अड्डे में प्रवेश करने में इन रेहड़ी वालों से दो-दो हाथ करने पड़ते हैं। इन रेहड़ी वालों के अतिक्रमण के चलते मेट्रो स्टेशन में आवाजाही करने वाले यात्रियो को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा रेहड़ी वाली गंदगी से भी यात्रियों को काफी परेशानी होती है।
मेट्रो स्टेशन के नीचे नेशनल हाइवे पर लोग खुले में मेट्रो के पिलर व दिवार पर दिन हो या फिर रात हर समय लघुशंका करते हैं। इसके अलावा मेट्रो स्टेशन के गेट के आसपास भी लोग खुले में लघुशंका करते हैं। इस कारण भी आने-जाने वाले लोगों को गंदगी का सामना करना पड़ता है। इस मामले में यात्रियो को कहना है कि इस मामले में कई बार मेट्रो में तैनात अधिकारियों से शिकायत की जाती है, लेकिन वह यहीं कहते है कि वह मेट्रो स्टेशन के अंदर कार्रवाई कर सकते हैं, बाहर की उनकी जिम्मेदारी नहीं है। बात दे कि मेट्रो स्टेशन के चंद कदम व बस अड्डे के बाहर सुलभ इंटरनेशनल द्वारा सुलभ शौचालय संचालित बावजूद इसके लोग खुले में लघुशंका के लिए जाते हैं।
बीएस तेवतिया, निरीक्षक, नगर निगम:: बल्लभगढ़ के मेट्रो स्टेशन के बाहर कुछ लोग गंदगी फैलाते हैं। ऐसी शिकायतें मुख्यालय को मिली है। वहां गंदगी फैलाने वालों पर अब सख्ती की जाएगी। इन पर 500 से 5000 रुपये तक जुर्माना किया जाएगा।
यात्रियों की प्रतिक्रिया
प्रदीप कुमार, निवासी जगदीश कॉलोनी : सामान लेने दिल्ली मेट्रो से जाते हैं, लेकिन रेहड़ी वालों के अतिक्रमण के चलते स्टेशन से आने-जाने में काफी परेशानी होती है।
योगेश कुमार, निवासी आजाद नगर : मेट्रो स्टेशन के नीचे नेशनल हाइवे पर लोग खुले में लघुशंका के लिए खड़े रहते हैं। जिस कारण खासकर महिलाओं को बेहद परेशानी होती है।
हरीश धवन, व्यापारी : दिल्ली मेट्रो से जाते हैं, लेकिन अनेकों बार देखा गया है कि मेट्रो स्टेशन के आसपास भी लोग खुले में लघुशंका करते हैं। जिससे आसपास बेहद गंदगी हो रही है।
NEWS SOURCE : livehindustan
