
चंडीगढ़: फिल्म एक्ट्रेस और बिग बॉस फेम शहनाज गिल के पिता सुख प्रधान को जान से मारने की धमकी मिली है और उनसे फिरौती की मांग भी की गई है। सुख प्रधान को पाकिस्तान की तरफ से ये धमकी आई है। जिसके बाद शहनाज के घर पर तनाव का माहौल है।
क्या है पूरा मामला?
सुख प्रधान को पाकिस्तान से धमकी मिली और उनसे 50 लाख रुपए की फिरौती की मांग की गई। कॉलर ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। शहनाज गिल के पिता को जिस नंबर से धमकी दी गई, वह विदेशी है। इस धमकी भरे कॉल का शहनाज के पिता ने वीडियो भी बनाया है, जिसमें कॉल करने वाला खुद को पाकिस्तान से बता रहा है।
कॉलर ने कहा कि वह पाकिस्तान से कॉल कर रहा है। उसने ये भी कहा कि आपकी लड़की (शहनाज गिल) ने बहुत सारा पैसा कमाया है, जिसके लिए 50 लाख रुपये का इंतजाम करो, नहीं तो हम पहले तुम्हारी लड़की को मार देंगे और फिर तुम्हें मार देंगे।वहीं, शहनाज के पापा ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया है कि वह 2017 से हिंदू संगठन भगवान सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। इस कॉल में धमकी देने वाले शख्स ने कहा है कि जिस तरह हिंदू नेता सुधीर सूरी को गोली मारी गई, उसी तरह तुम्हें भी गोली मारेंगे।
वहीं विभिन्न पार्टियों में काम करने वाले संतोख सिंह गिल यानी सुख प्रधान का कहना है कि वह कई बार पुलिस से न्याय की मांग कर चुके हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं होती। इस धमकी भरे कॉल के बाद संतोख सिंह गिल और उनके परिवार के बीच डर का माहौल है। फिलहाल संतोख गिल पंजाब पुलिस से धमकी भरी कॉल करने वाले शख्स को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।
NEWS SOURCE : indiatv
