
बल्लभगढ़: राजा नाहर सिंह की नगरी बल्लभगढ़ में स्थानीय प्रशासन वाहनों के लिए पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं कर पाया है। यातायात पुलिस केवल वाहनों के चालान करने के अलावा व्यवस्था संभालने के लिए कोई कार्य को तैयार नहीं है। स्थानीय पुलिस भी यातायात व्यवस्था को लेकर पुरी तरह यातायात पुलिस पर आश्रित है। निगम प्रशासन भी इस मामले में पूरी तरह अनभिज्ञ बना हुआ है। ऐसे में इस गैरजवाबदेही के चलते शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
शहर के मोहना रोड, तिगांव रोड, अस्पताल रोड, सौ फुट रोड सहित शहर के प्रमुख अन्य रोड पर सड़क किनारे काफी वाहन खड़े रहते हैँ। शहर के मुख्य बाजार में काफी वाहन तो दुकानों के सामने बेतरतीब से खड़े दिखाई देते हैं। इस कारण शहर की प्रमुख रोड व मुख्य बाजार में अक्सर समय यातायात व्यवस्था चौपट रहती है। सुबह-शाम के समय मोहना रोड पर गुप्ता होटल चौक, आकाश सिनेमा के पास, अंबेडकर चौक अक्सर जाम लगा रहता है। कहने तो इस रोड पर गुप्ता होटल चौक कई होम गार्ड के जवान तैनात है, लेकिन वह भी मात्र औपचारिकता निभाते हैँ। शहर के मुख्य बाजार, अस्पताल रोड, सौ फुट रोड पर पुलिस की कोई व्यवस्था नहीं है। इसी प्रकार शहर की अनाज मंडी में भी इन अवैध बसों व ट्रक के खड़े होने को लेकर किसी प्रकार का कोई अंकुश नहीं है। मंडी में अवैध वाहनों के जमावड़े से आढ़ती काफी परेशान रहते हैं।
मंडी के आढ़तियों का आरोप है कि कुछ वाहनों के ड्राइवर व कंडक्टर इन बसों में बैठकर शराब तक का सेवन करते हैं। आढ़तियों का कहना है कि काफी आढ़तियों के रिहायश भी आढ़त के ऊपर ही बने हुए हैं। जिस कारण उनका परिवार असुरक्षित महसूस करता है। आढ़तियों का आरोप है कि अनेक बार मार्केट कमेटी सहित स्थानीय प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है।
यातायात पुलिस ने स्टैँड बनाने के लिए जगह की चिन्हित
जिला फरीदाबाद में पिछले करीब 85 जगहों को स्टैँड बनाने के लिए चिन्हित किया है, लेकिन अब सवाल खड़ा हो रहा है कि अनेकों बार इस प्रकार की योजना जरूर बनी, लेकिन इस बार यह योजना सिरे चढ़ेगी या फिर कागजों में दम तोड़ देंगी।
एसीपी, बल्लभगढ़, ट्रैफिक विनोद कुमार : बल्लभगढ़ में यातायात व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी यातायात पुलिस व स्थानीय पुलिस की है। इस संबंध में टै्रफिक एसीपी जितेंद्र मल्होत्रा से बातचीत करके व्यवस्था को दुरूस्त कराने का प्रयास करेंगे।
