
दिल्ली कि सरोजिनी नगर इलाके में सोमवार तड़के 3 बजे राजेन्द्र नगर थाना एसएचओ की तेज रफ्तार सरकारी कार ने एक शख्स को कुचल दिया। गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि अधेड़ को टक्कर मारने के बाद उसने कई खंभों में भी टक्कर मारी थी। हादसे की सूचना मिलने के बाद सरोजिनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने 58 वर्षीय बैजनाथ उर्फ राजेश गुप्ता का शव पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने गाड़ी जब्त कर उसे चला रहे आरोपी कॉन्स्टेबल प्रदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। कॉन्स्टेबल प्रदीप कुमार राजेन्द्र नगर थाने में ही तैनात है।
डीसीपी रोहित मीणा ने बताया कि बैजनाथ अपने परिवार के साथ त्रिलोकपुरी में रहता था। डीसीप ने बताया कि तड़के 3.17 बजे सरोजिनी नगर पुलिस को भीकाजी कामा प्लेस मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-02 के पास हादसा होने की सूचना मिली थी। वहां क्षतिग्रस्त गाड़ी के पास ही एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सरकारी गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी। गाड़ी ने पहले मेट्रो की ग्रिल तोड़ी, उसके बाद बिजली के खंभे में टकराई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सरकारी गाड़ी को कॉन्स्टेबल प्रदीप चला रहा था और उसके साथ उसके कॉलेज के दो दोस्त मयंत व रॉबिन भी थे। गाड़ी में एसएचओ नहीं थे। पुलिस की जांच में सामने आया कि कॉन्स्टेबल ने गाड़ी चलाते समय शराब का सेवन किया हुआ था। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह सरोजिनी नगर में दिल्ली पुलिस की गाड़ी लेकर कहां और क्यों जा रहा था। घटना के समय आरोपी ड्यूटी पर नहीं था।
तीनों पार्टी करते हुए हौज खास की ओर जा रहे थे
कॉन्स्टेबल प्रदीप कुमार के साथ उसके दो दोस्त भी थे। उसके दोस्त हरियाणा के महेंद्रगढ़ निवासी रोबिन व महेश राजेंद्र नगर थाने में रविवार रात को प्रदीप से मिलने पहुंचे थे। तीनों पुराने दोस्त हैं। वह एसएचओ की गाड़ी में ही पार्टी करते हुए हौज खास जा रहे थे। प्रदीप वर्ष 2019 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ था।
बिना बताए थाने से गाड़ी ले गया था कॉन्स्टेबल
कॉन्स्टेबल प्रदीप कुमार एसएचओ को बिना बताए थाने से उनकी सरकारी गाड़ी लेकर चला गया था। हादसे के बाद एसएचओ को गाड़ी के बारे में पता चला। पुलिस का कहना है कि हादसे के समय प्रदीप ने शराब पी रखी थी। मेडिकल रिपोर्ट में 60 एमएल अल्कोहल की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शराब के नशे में कार चालक ने दो लोगों को टक्कर मारी : वहीं एक अन्य घटना में करावल नगर इलाके में बुधवार को कार चालक ने युवती और व्यक्ति को टक्कर मार दी। लोगों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच कर पुलिस को सौंप दिया। जांच में सामने आया है कि घटना के वक्त कार चालक नशे में था। पुलिस ने पीड़ित राजेश की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान शाहदरा के राम नगर विस्तार निवासी अंकुर शर्मा के रूप में हुई।
NEWS SOURCE : livehindustan
