देश प्रेदश में कोरोना न फैले इसके लिए सरकार लोगों से फिजिकल डिस्टेंस बनाए रखने की अपील कर रही है। मगर बीजेपी के विधायक ही अपनी सरकार की अवहेलना करते नजर आ रहे हैं। हांसी के विधायक विनोद भयाना पहले एक गौशाला के कार्यक्रम में भीड़ के साथ नजर आए तो अब हांसी में बनाए गए कंटेनमेंट जोन में भी भीड़ के साथ जा पहुंचे।
हांसी में दिल्ली से लौटे टैक्सी ड्राइवर के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद जिस कंटेनमेंट जोन में किसी को आने जाने की इजाजत नहीं वहां विधायक खुलेआम घूम रहे हैं। हालांकि इस जगह पर जाने की वजह उन्होंने लोगों के सामने आने वाले समस्याओं को सुनना बताया मगर जिस तरह से वहां भीड़ जुटी वह अपने आप में चिंताजनक स्थिति बन गई।
इससे पहले भी विधायक पर दो बार लॉकडाउन के नियमों की उल्लंघना करने का आरोप लग चुका है। हांसी के विधायक विनोद भयाना ने एक महीने के अंदर दो बार लॉकडाउन के नियमों को सरेआम तोड़ दिया। यह घटना तीसरा मामला है। इससे पहले पुरानी मार्केट कमेटी के ग्राउंड में क्लीन हांसी-ग्रीन हांसी अभियान के तहत गोशाला के उद्घाटन समारोह में विधायक की अगुवाई में प्रदेशभर से आए अनेक लोग जुटे। यहां राजनीतिक, प्रशासनिक व सामाजिक संगठनों के तीनों ही वर्गों के प्रतिनिधियों ने नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाते हुए हवन यज्ञ में आहुति डाली।
विधायक की मौजूदगी में प्रशासनिक व पुलिस के आला अधिकारी शायद ये भूल गए कि जिले में धारा 144 के साथ-साथ लॉकडाउन के कड़े नियम लागू हैं जिसकी पालना सुनिश्चित करना व करवाना उनका दायित्व है।
गोशाला उद्घाटन के दौरान हुए कार्यक्रम में एसडीएम के अलावा, डीएसपी रोहताश सिंह, आचार्य योगीराज, भाजपा मंडल प्रभारी धर्मबीर रतेरिया,सचिव राहुल कुंडू, नप चेयरपर्सन प्रतिनिधि विनोद सैनी, सुरेश बंसल, व्यापारी नेता बजरंग बंसल, मोहन लाल बंसल, सतपाल खांडेवाला सहित शहर के जाने-माने कई लोग मौजूद थे। इसमें और भी हैरत की बात यह है कि ऐसी स्थिति में भी कार्यक्रम में मौजूद कई लोगों के मुंह पर मास्क तक नहीं थे और ज्यादातर के मास्क मुंह से भी नीचे तक लटके हुए थे।

