
Food Pleasure Benefits: कई लोग खाने-पीने के बहुत शौकीन होते हैं. उनके लिए स्वादिष्ट खाना सबसे ज्यादा जरूरी होता है. लजीज खाना न सिर्फ दिल खुश करता है, बल्कि यह दिमाग को भी बूस्ट कर देता है. अगर आप खाने को लेकर ज्यादा गंभीर नहीं है और सिर्फ पेट भरने के लिए खाना खाते हैं, तो सावधान होने की जरूरत है. हमें स्वस्थ रहने के लिए खाने से मिलने वाले खास ‘विटामिन P’ की जरूरत होती है. इस P का मतलब होता है- प्लेजर यानी आनंद. यह प्लेजर हमें स्वादिष्ट खाने-पीने से मिलता है. लोगों को खुश और स्वस्थ रहने के लिए अपना पसंदीदा खाने का जमकर लुत्फ उठाना चाहिए. इससे सेहत को जबरदस्त फायदे मिलते हैं और स्ट्रेस, एंजायटी व थकान से राहत मिल सकती है.
हेल्थलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक स्वाद और सेहत के बीच सीधा कनेक्शन होता है. इसके पीछे साइंस छिपी हुई है. स्वादिष्ट खाना खाने से लोगों को जो आनंद मिलता है, वह हमारे मुंह और दिमाग दोनों को बेहतर बना देता है. वैज्ञानिकों का मानना है कि खाने से मिलने वाला आनंद हमारे ब्रेन में डोपामाइन हॉर्मोन रिलीज करता है. डोपामाइन को अक्सर ‘फील गुड हार्मोन’ के रूप में जाना जाता है, क्योंकि यह हमारे ब्रेन में रिलीज होने के बाद खुश महसूस करता है और मानसिक शांति प्रदान करता है. इससे किसी भी काम पर फोकस करने की क्षमता भी बढ़ जाती है. इसलिए खाने का आनंद लेना बेहद जरूरी होता है. लोगों को पसंदीदा खाने का स्वाद जरूर लेना चाहिए. इससे स्वाद के साथ सेहत दुरुस्त हो सकती है.
हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो जब हम खाने का लुत्फ उठाते हैं और ब्रेन में डोपामाइन को स्टिम्युलेट करते हैं, तब यह आसानी से पच जाता है. इसके साथ शरीर का मेटाबॉलिज्म भी बेहतर हो जाता है. जब हम आनंददायक खाना खाते हैं, तब हमारा नर्वस सिस्टम आराम और डाइजेशन के मोड में चला जाता है. इससे हमें खाने से ज्यादा से ज्यादा पोषक तत्व मिलते हैं. आनंद के लिए भोजन करना स्वस्थ भोजन को भी बढ़ावा दे सकता है. कई लोगों की ऐसी धारणा है कि ‘स्वस्थ’ भोजन फीका होना चाहिए या इसका स्वाद अच्छा नहीं होना चाहिए, लेकिन यह सच नहीं है. जब हम वह भोजन खाते हैं जिसका हम आनंद लेते हैं, तो संतुष्टि बढ़ जाती है, जो वास्तव में डाइट क्वालिटी में सुधार कर सकती है. इससे ज्यादा खाने यानी ओवरईटिंग की संभावना कम हो सकती है.
NEWS SOURCE : news18
