
Faridabad News: एनआईटी से कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा का कहना है कि 10 साल से सत्ता में बैठी बीजेपी के पास गिनवाने लायक एक भी काम नहीं है। इसलिए अपने कामों का हिसाब देने की बजाए भाजपाई मुख्यंमत्री अपनी रैलियों में हुड्डा सरकार के काम गिनवा रहे हैं। जब लोगों ने इस झूठ को पकड़ लिया तो अब बीजेपी अधिकारियों पर कार्रवाई कर अपनी बौखलाहट निकाल रही है।
नीरज शर्मा ने कहा कि अब बीजेपी की सच्चाई जनता के सामने उजागर हो चुकी है। पूरे कार्यकाल में बीजेपी ने कांग्रेस सरकार के दौरान मंजूर हुई और निर्माणाधीन योजनाओं का फीता काटने के अलावा कोई काम नहीं किया। इसीलिए कांग्रेस ने ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ चार्जशीट में बीजेपी से जो सवाल पूछे थे, उनका आजतक बीजेपी कोई जवाब नहीं दे पाई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने फरीदाबाद में आईएमटी स्थापित करके शहर के विकास को नए पंख लगाने का काम किया था। वहीं, बीजेपी सरकार ने दस साल में फरीदाबाद में कोई नया कारखाना स्थापित नहीं किया है। इसके अलावा फरीदाबाद शहर की सफाई व्यवस्था भी चरमराई हुई है। सरकार ने अपनी जनविरोधी नीतियों के चलते शहर के सीवरेज सिस्टम और पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की। शहर की सभी सड़के टूटी हुई है।
उन्होंने बताया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने हरियाणा मैं 12 नेशनल-इंटरनेशनल लेवल की सरकारी यूनिवर्सिटीज बनवाई थीं। लेकिन बीजेपी ने 10 साल में एक भी बड़ी यूनिवर्सिटी नहीं बनवाई। इसके अलावा महेंद्रगढ़ में नई सेंट्रल यूनिवर्सिटी, रेवाड़ी में सैनिक स्कूल, 4 सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज और 6 नए केंद्रीय विद्यालयों के अलावा 6 मेडिकल कॉलेज, एक मेडिकल यूनिवर्सिटी, झज्जर के बाढ़सा गांव में एम्स और नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट की सौगात प्रदेश को मिली थी। बीजेपी ने अपने दस साल के शासन में एक भी शिक्षण संस्थान नहीं बनवाएं।
नीरज शर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में किसानों को फसलों का देश में सर्वाधिक मूल्य प्राप्त होता था। किसानों को अपनी मांगों के लिए कभी भी सड़कों पर आने की जरूरत नहीं पड़ी थी। वहीं, बीजेपी ने देश व प्रदेश के किसानों को दस साल में सड़कों को धरना- प्रदर्शन करने पर मजबूर कर दिया है। किसान लंबे से अपनी मांगों को लेकर हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पर बैठे है। बीजेपी सरकार इनकी मांगों को मानने की बजाय देश के अन्नदाता पर लाठी-डंडों, आंसू के गैस के गोलों और ठंडे पानी की बौछार से हमला करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि जिस समय हरियाणा में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनी थी। उस समय प्रदेश में बिजली का हाहाकार था। भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने हरियाणा में 4 पॉवर प्लांट और एक न्यूक्लियर प्लांट लगाकर प्रदेश को सरप्लस बिजली देने का काम किया था। पिछले दस साल में हरियाणा में कोई पॉवर प्लांट लगना तो दूर बीजेपी ने एक नई चिमनी भी नहीं बनाई है।
नीरज शर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान प्रदेश में युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने के लिए प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर 6 आईएमटी स्थापित की और मारुती, एशियन पेंटस, एनटीपीसी, रिलाइंस, होंडा, आईओसी, पेनासोनिक, योकोहामा, डेंसो, जैसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर के उद्योगों का निवेश करवाया गया। हरियाणा में बीजेपी राज में कानून व्यवस्था की खस्ता हालात के चलते पिछले दस साल में एक भी बड़ा निवेश प्रदेश में नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने 81 किलोमीटर मेट्रो लाइन बनाकर प्रदेश के शहरों को मेट्रो से जोड़ने का काम किया था। वहीं, बीजेपी ने दस साल में एक पोल भी मेट्रो को आगे नहीं बढ़ाया है। बीजेपी ने केवल झूठी घोषणाएं और जात-पात की राजनीति करके प्रदेश की जनता का बंटाधार करने का काम किया है।
