
Monkeypox Cases: कोरोना के बाद अब एक और संक्रामक बीमारी अपने पांव पसारते दिख रही है. मंकीपॉक्स नाम की इस बीमारी का एक मरीज पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में मिलने के बाद अब भारत में भी इसको लेकर सतर्कता बढ़ गई है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश के सभी हवाई अड्डों के साथ-साथ बांग्लादेश और पाकिस्तान की सीमाओं के पास मौजूद बंदरगाहों के अधिकारियों को ‘मंकीपॉक्स’ के चलते अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के प्रति सतर्क रहने को कहा है.
मंत्रालय ने मंकीपॉक्स से पीड़ित किसी भी रोगी के आइसोलेशन, देखरेख और इलाज के लिए दिल्ली में तीन केंद्र संचालित अस्पतालों (राम मनोहर लोहिया अस्पताल, सफदरजंग अस्पताल और लेडी हार्डिंग अस्पताल) को नोडल केंद्र बनाया है. सभी राज्य सरकारों को अपने यहां ऐसे चिह्नित अस्पतालों की पहचान करने को कहा गया है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रधान सचिव पी के मिश्रा ने रविवार को इस सिलसिले में एक हाईलेवल बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें तुरंत पहचान के लिए निगरानी बढ़ाए जाने के बीच मंकीपॉक्स को लेकर देश की तैयारियों की समीक्षा की गई.
