
फरीदाबाद, मिथलेश मिश्रा: शहर को स्मार्ट सिटी बताने वाले जनप्रतिनिधियों के दावे बारिश के साथ ही धराशायी हो जाते हैं। हार्डवेयर चौक स्थित एबीबी इंडिया लिमिटेड कंपनी के बाहर हर बारिश के बाद जलभराव की गंभीर समस्या देखने को मिलती है। सड़क पर पानी इस कदर भर जाता है कि राहगीरों को चलना मुश्किल हो जाता है और वाहन बीच रास्ते ही बंद हो जाते हैं। राह से गुजरने वाला हर राहगीर सरकार व प्रशासन को कोसता हुआ गुजरता है
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि वे कई बार संबंधित अधिकारियों, पार्षदों और नेताओं से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। बाटा फ्लाईओवर से हार्डवेयर चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। जलभराव के कारण छोटे-मोटे हादसे और गाड़ियों की खराबी आम हो चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन शायद किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है, तभी अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। स्थिति यह है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण यह इलाका हर साल बरसात में परेशानियों का केंद्र बन जाता है, लेकिन जनप्रतिनिधियों की सक्रियता सिर्फ घोषणाओं तक सीमित है
