
फरीदाबाद/ मिथलेश मिश्रा: ओमैक्स हाइट्स, सेक्टर-86, फरीदाबाद में डॉग बाइट की बढ़ती घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई हेतु ओमैक्स हाइट्स सोसाइटी, सेक्टर-86 के निवासियों ने भाजपा ग्रेटर फरीदाबाद के मंडल उपाध्यक्ष मनीष चौधरी के नेतृत्व में मनोनित पार्षद प्रियंका बिष्ट बुधानी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से लोगों ने पार्षद को बताया कि सोसाइटी में आवारा एवं आक्रामक कुत्तों द्वारा हमलों की घटनाएं चिंताजनक रूप से बढ़ रही हैं। इन घटनाओं में बच्चों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को शारीरिक चोटों के साथ-साथ मानसिक आघात का भी सामना करना पड़ रहा है। स्थिति ऐसी हो चुकी है कि पार्क, वॉकिंग ट्रैक एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों का उपयोग करना अब जोखिमपूर्ण हो गया है।
स्थानीय क्रङ्ख्र को इस विषय में अनेक बार अवगत कराया गया, परंतु अपेक्षित कार्रवाई अब तक नहीं हो सकी है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। लोगों ने पार्षद से निवेदन किया कि आक्रामक कुत्तों की पहचान कर उन्हें विशेषज्ञों की सहायता से किसी सुरक्षित स्थान पर पुनर्स्थापित कराया जाए। सोसाइटी निवासियों की सुरक्षा हेतु प्रशासनिक स्तर पर शीघ्र एवं ठोस कार्रवाई की जाए। आरडब्लूए की उदासीनता की जांच कर भविष्य में ऐसी लापरवाही को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। मनीष चौधरी ने कहा कि महोदया, यह केवल एक सोसाइटी की नहीं, बल्कि समस्त नागरिकों की सुरक्षा की मांग है। हमें विश्वास है कि आप इस गंभीर विषय को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र संज्ञान लेंगी। इस अवसर पर एडवोकेट मुक्ता राव (यदुवंशी महिला महासभा की मेम्बर , हरिंदर सिंह, फिरोज, भूपेन्द्र सिंह,अजय बब्बर,आलोक सिंह,अंकुर सेटिया,पुष्प कुकरेजा,गौरव सक्सेना,अशोक कौशिक,अश्वनी शर्मा,चरण जीत बजाज एवं सोसाइटी के सम्माननीय सदस्य मौजूद रहे l
