
फरीदाबाद: मुजेसर थाना क्षेत्र के सरूरपुर स्थित रामनगर कालोनी में एक युवक ने अपने रिश्तेदार की फावड़ा मारकर हत्या कर दी। आरोपित को शक था कि मृतक की उसकी पत्नी से अवैध संबंध है। इसको लेकर पति पत्नी में भी कई बार झगड़ा हुआ था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा है। मूलरूप से बिहार के भागलपुर के गौरा चौकी गांव का रहने वाला शंभू पिछले पांच साल से अपने परिवार के साथ रामनगर कालोनी में रहता है। उसके साथ उसका रिश्तेदार विकास भी रहता था। विकास शंभू के साले का साला था। विकास की एक साल पहले ही शादी हुई थी। लेकिन उसकी पत्नी गांव में रहती थी। विकास मूलरूप से भागलपुर के सरदारपुर गांव का रहने वाला था। शंभू को शक था कि विकास और उसकी पत्नी का अवैध संबंध है। इसको लेकर वह अपनी पत्नी से भी कई बार झगड़ा कर चुका था। वहीं विकास को भी परिवार से दूर रहने की चेतावनी दे चुका था। पड़ोसियों के अनुसार सोमवार तड़के अवैध संबंधों के शक को लेकर ही शंभू और विकास के बीच में झगड़ा हो गया है। पहले दोनों में काफी मारपीट हुई।
इसके बाद शंभू ने पास में पड़ा फावड़ा विकास के सिर पर मार दिया। जिससे उसके सिर से अधिक खून बह गया। स्वजन जब विकास को अस्पताल ले जाने लगे तो उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। फावड़ा मारने के बाद आरोपित शंभू मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों के बयान लिए। संजय कालोनी चौकी प्रभारी कैलाश खटाना ने बताया कि आरोपित शंभू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
NEWS SOURCE Credit :jagran
