
फरीदाबाद: ओल्ड फरीदाबाद क्षेत्र में एक शातिर बदमाश घरों में अकेले रह रहे बच्चों को निशाना बनाकर सोने के आभूषण ठगने की वारदातों को अंजाम दे रहा है। बदमाश अब तक एक ही तरीके से दो परिवारों को अपना शिकार बना चुका है। वह बच्चों को यह कहकर डराता है कि उनके पिता को पुलिस पकड़कर ले गई है और उन्हें छुड़ाने के लिए घर में रखे सभी सोने के आभूषण तुरंत देने होंगे। बच्चों के डर का फायदा उठाकर वह गहने लेकर फरार हो जाता है। पुलिस ने दूसरा मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
बातचीत के दौरान उसके माता-पिता के बारे में जानकारी जुटाई
ओल्ड फरीदाबाद निवासी प्रकाश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उनकी पत्नी निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। उनके 13 वर्षीय बेटी और 11 वर्षीय बेटा दिन में घर पर अकेले रहते हैं। शनिवार दोपहर करीब दो बजे उनका बेटा घर के बाहर खेल रहा था। तभी स्कूटी पर सवार एक युवक वहां पहुंचा। उसने पहले बच्चे को स्कूटी पर घुमाया और बातचीत के दौरान उसके माता-पिता के बारे में जानकारी जुटाई।
इसके बाद आरोपित बच्चे के साथ घर पहुंचा, जहां उसकी बहन अकेली थी। उसने बच्ची को झांसे में लेते हुए कहा कि उसके पिता की कंपनी में चोरी हुई है और पुलिस उन्हें लेकर घर आने वाली है। यदि घर में सोने के आभूषण मिले तो उसके पिता को जेल हो जाएगी। उसने यह भी कहा कि उसके पिता ने सभी गहने उसे देने के लिए कहा है। बदमाश की बातों में आकर बच्ची ने अलमारी में रखे सोने के आभूषण उसे सौंप दिए। आरोपित वहां से फरार हो गया। कुछ देर बाद बच्ची ने अपने पिता को फोन किया, तब पूरे घटनाक्रम का पता चला।
25 जून को भी इसी तरीके से की थी वारदात
पुलिस जांच में सामने आया है कि 25 जून को भी ओल्ड फरीदाबाद की एक कालोनी में इसी तरीके से एक बच्ची को निशाना बनाया गया था। उस समय भी आरोपित ने बच्ची से कहा था कि उसके पिता को पुलिस पकड़कर ले गई है और उन्हें छुड़ाने के लिए घर के गहने देने होंगे। बच्ची के भरोसा करने पर वह आभूषण लेकर फरार हो गया था। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को इस तरह की ठगी के तरीकों के बारे में जागरूक करें और समझाएं कि किसी भी अनजान व्यक्ति को घर में प्रवेश न करने दें और न ही उसकी बातों में आकर कोई कीमती सामान सौंपें।
NEWS SOURCE Credit :jagran
