
बहादुरगढ़ : दिल्ली-रोहतक नेशनल हाईवे पर रोहद टोल के पास स्पेशल टास्क फोर्स (STF) रोहतक की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टाटा हैरियर गाड़ी से करीब 25 हजार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद कारतूसों में 32 बोर और 315 बोर के कारतूस शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस टीम ने गाड़ी में सवार कई लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल बताई जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद होने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार, STF रोहतक की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक गाड़ी में भारी मात्रा में कारतूस ले जाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर डीएसपी शमशेर दहिया और इंस्पेक्टर योगेंद्र दहिया की अगुवाई में टीम ने दिल्ली-रोहतक नेशनल हाईवे पर रोहद टोल के नजदीक निगरानी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध टाटा हैरियर गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली गई तो उसमें से करीब 25 हजार जिंदा कारतूस बरामद हुए।
आखिरी नोट में सामने आई मौ’त की दर्दनाक वजह, बेटे और बेटी के साथ मां ने खत्म कर ली जीवनलीला
सूत्रों का दावा है कि आरोपी सिरसा के एक गन हाउस से कारतूस खरीदकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले इतनी बड़ी संख्या में कारतूसों की बरामदगी के बाद अवैध सप्लाई नेटवर्क को लेकर भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि STF की टीम पिछले कुछ समय से इस नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों पर नजर रखे हुए थी। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर कारतूसों की खरीद, सप्लाई और उनके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए STF के वरिष्ठ अधिकारी आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे ऑपरेशन और बरामदगी के संबंध में विस्तृत जानकारी दे सकते हैं।
NEWS SOURCE Credit :punjabkesari
