हरियाणा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म है, लेकिन इसी बीच भाजपा विधायक दल की तरफ से आज बैठक बुलाई गई है। माना जा रहा है कि इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर मंथन हो सकता है। आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर भाजपा के नये प्रदेशाध्यक्ष के नाम को लेकर काफी प्रतिक्रियाएं आ रही है।
सोशल मीडिया पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कृष्णपाल गुर्जर के नाम पर फाइनल मुहर लगी हुई दिखाई जा रही है। काफी लोगों की तरफ से दावा किया जा रहा है कि भाजपा का अगला प्रदेशाध्यक्ष कृष्णपाल गुर्जर होंगे।
हालांकि इन अफवाहों के बीच भाजपा हरियाणा की तरफ से मंगलवार को ट्वीट करना पड़ा। भाजपा की तऱफ से ट्वीट किया गया कि अभी तक प्रदेश अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है, अफवाहों पर ध्यान ना दें।
भाजपा विधायक दल की बैठक में बरौदा उपचुनाव, पंचायत चुनाव, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, कोरोना राहत समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
आज भाजपा विधायक दल की बैठक में माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर फाइनल प्रस्ताव पास किया जा सकता है, जिसके बाद केंद्रीय नेतृत्व के पास यह नाम भेजा जाएगा और उसी पर फाइनल मुहर लगेगी। प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर फाइनल मुहर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा लगाएंगे।
हरियाणा में नये प्रदेशाध्यक्ष का मामला राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष देख रहे हैं। इसलिए अंतिम स्तर पर फैसला केंद्रीय हाईकमान से ही होगा। बताया जा रहा है कि गुर्जर के अलावा कुछ और नाम भी है जिनपर चर्चा चल रही है।
